Follow Us:

दिल्ली के बाद हिमाचल में भी BJP दुबक कर बैठेगी: राठ़ौर

नवनीत बत्ता |

मुख्यमंत्री के बयान का कांग्रेस ने पलटवार किया। प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठ़ौर ने कहा कि अभी तो दिल्ली से ही बीजेपी की सफाई हुई है। आने वाले विधानसभा चुनाव 2022 में हिमाचल में इसी तरह बीजेपी की सफाई होने वाली है। कांग्रेस कोई दुबक कर बैठने वाली पार्टी नहीं है और न ही हम लोग जनता को बरगला कर वोट बैंक की राजनीति करते हैं। बीजेपी को कांग्रेस को नसीहत देने की ज़रूरत नहीं है।

राठ़ौर ने कहा कि ये वही मुख्यमंत्री है जो पिछले 7 महिने से मंत्रिमंडल का विस्तार तक करने में असफ़ल रहे हैं। आए दिन अधिकारियों पर गाज़ गिरती है, खनन माफिया पूरे प्रदेश में फैला है औऱ मुख्यमंत्री लगाम लगाने में असफ़ल हैं। देश-प्रदेश में लगातार बढ़ रही बेरोजगारी औऱ प्रदेश का बढ़ता कर्ज एक चिंता का विषय है लेकिन इस पर कोई बात नहीं होती। मुख्यमंत्री अपनी पार्टी की चिंता करें लेकिन साथ ही साथ प्रदेश की चिंता करें।

दिल्ली दौरे छोड़कर मुख्यमंत्री को यहां काम करना चाहिए क्योंकि जश्न का सिलसिला अब थम चुका है। इसी तरह से मुख्यमंत्री की कार्यशैली बनी रही तो जैसे भाजपा को दिल्ली में हाथ धोना पड़ा है उसी तरह से हिमाचल में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हार होगी। 14 फरवरी को कांग्रेस तिरंगा यात्रा निकालने जा रही है और उसके बाद SC-ST एक्ट के खिलाफ 15 तारीख़ को प्रदेश स्तरीय आंदोलन चलाया जाएगा।

ग़ौरतलब है कि कांगड़ा दौरे पर मुख्यमंत्री ने कहा था कि दिल्ली दौरे पर कांग्रेसियों ने खूब हल्ला किया। लेकिन जब से चुनावी नतीजे आएं हैं तब से उनकी आवाज़ नहीं सुनाई दी। 3 दिन हो गए अभी तक कोई नहीं बोला।