Follow Us:

‘झारखंड में बीजेपी की हार, जनता पहचान रही मोदी-शाह का असली चेहरा’

नवनीत बत्ता |

नरेंद्र मोदी, अमित शाह और भाजपा के मुखोटे के पीछे छिपे असली चेहरे को देश की जनता ने पहचानना शुरू कर दिया है। राज्य विधानसभा के चुनावों में लगातार भाजपा की पराजय से यही संकेत मिलता है। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता प्रेम कौशल ने मंगलवार को जारी एक प्रेस बयान में यह बात कही।

उन्होंने कहा कि मोदी और अमित शाह की तानाशाही के चलते भाजपा के सहयोगी दल एक 2 करके इससे किनारा करते जा रहे हैं। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री खुद को ही भारत समझने लगे हैं और देश तथा जनता के एजेंडे के ऊपर कार्य करने की बजाय देश एवं जनता पर अपना एजेंडा थोपने पर लगे हैं। इसे जनता स्वीकार नहीं कर रही जिसके चलते न केवल भाजपा लगातार सत्ता से बेदखल होती जा रही है बल्कि इनकी इस नीति के कारण देश आज एक खतरनाक तथा नाज़ुक दौर से गुज़र रहा है।

कौशल ने कहा कि जिस प्रकार देश में जनता और समाज के विभिन्न वर्ग सड़कों पर उतर कर आंदोलन कर रहे हैं, उससे देश में तनाव, असुरक्षा और भय का माहौल व्याप्त है। भारतीय संविधान के मूल आधार जिसमें समस्त भारतवासियों को धर्म, जाती क्षेत्र तथा लिंग के आधार पर बिना भेदभाव के समानता का अधिकार प्राप्त है उसके ऊपर प्रहार करके प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने देश की जनता के बीच धर्म के आधार पर खाई पैदा कर धार्मिक ध्रुवीकरण करने का जो खतरनाक राजनीतिक खेल खेला है। झारखंड विधानसभा के चुनबी नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता देश को बांटने के भाजपा के एजेंडे को स्वीकार नहीं करती।