Follow Us:

RS बाली का जनसंपर्क अभियान तेज, ‘हर घर में होगा कांग्रेस का झंडा बुलंद’

डेस्क |

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के महासचिव और AICC के सदस्य रघुबीर सिंह बाली का जनसंपर्क अभियान जोरों पर है। बुधवार को वे नगरोटा बगवां के बड़ोह और सरोत्री पहुंचे और यहां उन्होंने हर घर तक कांग्रेस की आवाज बुलंद की। रघुबीर सिंह बाली ने कार्यकर्ताओं के साथ पूरे क्षेत्र का दौरा किया और लोगों के साथ वार्तालाप किया।

इस दौरान उन्हें यहां कांग्रेस के पक्ष में फीडबैक भी मिला और उन्होंने चुनावों में जीत की बात भी कही। इस दौरान रघुबीर सिंह बाली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी धरातल पर काम कर रही है और हिमाचल में कांग्रेस की जीत पक्की है। हमें हर घर तक कांग्रेस की आवाज़ पहुंचानी है और पार्टी को जीत दिलानी है। साथ ही आरएस बाली ने सादगी का परिचय भी दिया और किसी नेता की तरह नहीं… बल्कि कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर कांगडी धाम का आनंद उठाया।

गौरतलब है कि जब से कांग्रेस ने हिमाचल में अपने प्रत्याशियों को ऐलान किया है तब से रघुबीर सिंह बाली लगातार कार्यकर्ताओं के साथ डटे हैं और घर-घर तक जाकर कांग्रेस की हवा बना रहे हैं। हालांकि, उनके पिता और पूर्व मंत्री जीएस बाली का स्वास्थ्य ठीक न चलते वे प्रचार में नहीं आ पा रहे हैं, लेकिन चुनावों से पहले वे ज़रूर बड़ी जनसभाएं करने वाले हैं।