Follow Us:

शिमला निगम चुनाव के लिए कांग्रेस बनाएगी रणनीति, मंहगाई-बेरोजगारी रहेंगे अहम मुद्दा

पी. चंद |

हिमाचल प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनावों से पहले शिमला नगर निगम चुनाव होने वाले हैं। मई-जून में ये चुनाव होने हैं जिसके चलते राजनीतिक पार्टियां अभी से अपनी तैयारियां कर रही हैं। भाजपा तो पहले से अपनी रणनीति तैयार कर चुकी है जबकि कांग्रेस आगामी 30 मार्च को शिमला स्थित कार्यालय में रणनीति बनाने जा रही है। इस बार कांग्रेस और भाजपा को एक चुनौति आप पार्टी की भी रहेगी जिसके चलते पार्टियां अभी से ही फूंक फूंक कर कदम उठा रही हैं।

प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि 30 मार्च को होने वाली इस बैठक में शिमला नगर निगम चुनावों को लेकर पार्टी की चुनावी रणनीति पर आपसी विचार विमर्श किया जाएगा। बैठक में चुनाव समन्वय समिति के सभी सदस्यों को बुलाया गया है। आगामी रणनीति के साथ की चुनाव में उतरा जाएगा। प्रभारी राजीव शुक्ला इस बैठक में शिकस्त करेंगे।

महंगाई के खिलाफ रोष

राठ़ौर ने बताया कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के बढ़ते मूल्यों के विरोध में प्रदेश कांग्रेस महंगाई मुक्त भारत धरना और मार्च का आयोजन करेगी। 31 मार्च को प्रदेश के सभी कांग्रेस ब्लॉकों में इस कार्यक्रम के तहत धरना मार्च किया जाएगा, जबकि 2 मार्च से 4 अप्रैल तक सभी जिलों में जिला स्तरीय धरना व मार्च किया जाएगा। इसी क्रम में 7 अप्रैल को शिमला में राज्य स्तरीय महंगाई मुक्त भारत धरना और मार्च का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर होने वाले इस धरने में सभी जिला कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी और ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों सहित सभी अग्रणी सगंठनों के पदाधिकारी महिला कांग्रेस, सेवादल,युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, इंटक के अतिरिक्त कांग्रेस के सभी विभागों के सभी सदस्यों को आवश्यक तौर पर भाग लेने को कहा है। इसके अतिरिक्त 7 अप्रैल को शिमला में होने वाले इस राज्य स्तरीय धरना मॉर्च में भी सभी पार्टी पदाधिकारियों के साथ साथ सभी अग्रणी सगंठनों व विभागों के सभी पदाधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है।