Follow Us:

केंद्रीय बजट केवल चुनावी राज्यों के लिए है, पूरी तरह दिशाहीन और नकारा है बजट: कांग्रेस

पी. चंद |

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया दी है। राठ़ौर ने कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश के साथ बड़ा अन्याय कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया है कि यह बजट उन राज्यों को देख कर बनाया गया है जहां इस साल चुनाव होने वाले हैं। इससे उन्हें चुनावों में इसका कोई राजनैतिक लाभ मिल सकें। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश से हैं और केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री भी प्रदेश से संबद्ध रखते हैं, ऐसे में प्रदेश के लिए किसी भी नई योजना को न देना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि पिछले बजट में प्रदेश में रेल और राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार की जो बात कही गई थी, इसबार उनका इस बजट में लेश मात्र भी उल्लेख नहीं है। प्रदेश दिनों दिन कर्जो के बोझ से दबता जा रहा है। कोरोना की वजह से प्रदेश में पर्यटन के साथ-साथ सूक्ष्म लघु उद्योग पर व्यापक विपरीत असर पड़ा है। सरकार ने इनके विकास के लिए भी कोई प्रोत्साहन नहीं दिया है। प्रदेश सरकार केंद्र से कोई भी आर्थिक मदद नहीं ले पाई है।

राठ़ौर ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि इस बार केंद्र प्रदेश को कोई बड़ी राहत देते हुए प्रदेश के किसानों, बागवानों को प्रोत्साहित करेगी, पर ऐसा कुछ नहीं हुआ। रेल बजट ने भी प्रदेश को भारी निराश किया है। यह महज आंकड़ों का मायाजाल बुनकर अपनी नाकामियां छुपाने का असफल प्रयास किया गया है। इस बजट से देश मे महंगाई और बेरोजगारी बढ़ेगी। बजट में आम लोगों को भी कोई राहत नहीं है। बजट पूरी तरह दिशाहीन है और नकारा है।