Follow Us:

बर्फबारी ने खोली सरकार और प्रशासन की खोखली व्यवस्था की पोल: राठ़ौर

पी. चंद |

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बर्फबारी से निपटने पर प्रशासन की व्यवस्था पर रोष जताया है। उन्होंने कहा कि 2 दिनों की बर्फबारी ने सरकार और प्रशासन की खोखली व्यवस्था की पूरी पोल खोल दी है। आम जन जीवन को सुचारू रखने में प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हुआ है। धूप खिलने के बावजूद पर जन जीवन सामान्य करने में प्रशासन पूरी तरह असफल रहा है। लोगों को आज भी आने जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि राजधानी शिमला शहर में दोपहर तक यातयात सामान्य न होना, परिवहन निगम की बसें न चलने की वजह से लोगों को मजबूरी में पैदल ही आना जाना पड़ा है। इसी तरह शहर के कई इलाकों में बिजली की आंखमिचौली भी लोगों को परेशानी का सबब बनी। सड़कों पर से बर्फ हटाने का काम भी धीमी गति से चलता रहा। सरकार के पास कोई पुख्ता इंतजाम ही नहीं है।

राठौर ने कहा कि सरकार की प्रशासन पर कोई पकड़ ही नहीं है। आज स्थानीय अवकाश को लेकर भी अचरज की स्थिति बनी रही। सरकार से प्रदेश में बर्फबारी से बंद पड़े शिमला से ऊपरी क्षेत्रों सहित जन जातीय क्षेत्रों में जन जीवन सामान्य करने और बंद पड़ी सड़कों को बहाल करने का आग्रह किया है। दूरदराज के बर्फबारी वाले क्षेत्रों में आवश्यक खाद्य वस्तुओं खाना पकाने की गैस की आपूर्ति भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।