Follow Us:

मोदी सरकार के अच्छे दिन महंगाई के रूप में सामने आ रहे हैं: महिला कांग्रेस

पी. चंद |

महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने देश मे तेल, डीजल व रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते मूल्यों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने अच्छे दिनों के जो सपने दिखाए थे वह आज कमर तोड़ती महंगाई के रूप में सामने आ गए है। उन्होंने आरोप लगाया है कि आज देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह चोपट हो कर रह गई है। देश का अन्नदाता किसान काले कृषि कानूनों के विरोध में तीन महीनों से सड़कों पर है।

चंदेल ने आज यहां कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों से आज देश का हर वर्ग परेशान है। आज देश मे किसी की भी आवाज नही सुनी जा रही है। देश की विकास दर निम्न स्तर से भी नीचे चली गई है। यूपीए सरकार के समय कभी एक दो रुपये की वृद्धि होती थी तो भाजपा के नेता और नेत्रियां सड़कों में उतर कर बड़े-बड़े प्रदर्शन करती थी। आज जब गैस सिलेंडर 800 के पार हो गया है और डीजल पेट्रोल हर रोज बढ़ता हुआ 100 कि आसपास पहुंच गया है तो इसके नेता आज चुपचाप कही बिल में दुबक कर बैठे है। आज उन्हें यह महंगाई नज़र नहीं आ रही है।

चंदेल ने कहा है कि बढ़ती महंगाई की वजह से विशेष कर गृहणियों का घर का बजट पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। एक तरफ बढ़ती बेरोजगारी ऊपर से बढ़ती महंगाई ने आम और गरीब लोगों का जीना हराम कर दिया है तो दूसरी तरफ भाजपा के नेता अपने ऐशो आराम में शाही जिंदगी जी रहें है। बढ़ती महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस प्रदेश में एक बड़ा सम्मेलन करने जा रही है।  इसके बाद सभी जिलों में भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन किये जायेंगे। महिलाएं अब चुप बैठने वाली नहीं। महिला कांग्रेस भाजपा सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेंगी।