Follow Us:

कार्यकर्ता उंगलियों पर याद रखें केंद्र और प्रदेश सरकार के काम: धूमल

जसबीर |

पार्टी कार्यकर्ता को केंद्र और प्रदेश सरकार के तमाम जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी होनी चाहिए। कार्यकर्ता पार्टी द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविरों और अन्य बैठकों में उपलब्ध करवाई जा रही तमाम जानकारियों को संचित व स्मरण करके आगे आम जनमानस तक पहुंचाएं। रविवार को भोरंज में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की तमाम गतिविधियों को समाज की हर सरंचना तक निपुणता से सफल बनाने का काम पार्टी का कार्यकर्ता करता है। सटीक और संपूर्ण जानकारी कार्यकर्ता को ताकत प्रदान करती है। देश और प्रदेश में भाजपा की सरकारें बेहतरीन काम करते हुए समाज के हर वर्ग को हर क्षेत्र को लाभ पहुंचाने की दृष्टि से उत्तम काम कर रही है। सराहनीय और ऐतिहासिक काम भाजपा सरकारों द्वारा किए जा रहे हैं, जिनकी जानकारी हर समय पार्टी कार्यकर्ता के पास होनी चाहिए। 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता को यदि अपना बूथ सबसे मजबूत करना है तो उसको अपने संगठन, अपनी पार्टी और पार्टी की सरकार से जुड़ी हर गतिविधि, हर उपलब्धि और हर योजना की जानकारी सदैव रखनी चाहिए। विपक्ष और विरोधी दलों के दुष्प्रचार से भ्रमित आम व्यक्ति यदि अपनी शंका के निवारण के लिए पार्टी कार्यकर्ता से कोई बात पूछे तो जानकारी के अभाव में कार्यकर्ता उस व्यक्ति की शंका का दूर ना कर पाए, ऐसा कदापि नहीं होना चाहिए। 

धूमल ने कहा कि देश में जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी है, तब से निरंतर देश में  हर वर्ग  और हर क्षेत्र के विकास और उत्थान की जो गाथा लिखी जा रही है। प्रदेश में भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में बेहतरीन काम हो रहा है।