Follow Us:

पूर्व कैबिनेट मंत्री पंडित शिव कुमार की हालत गंभीर, फोर्टिस में भर्ती

डेस्क |

हिमाचल प्रदेश के कद्दावर राजनेता पंडित शिव कुमार की हालत नाजुक बनी हुई है। वह करीब दो सप्ताह से फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा में उपचाराधीन हैं। 90 वर्षीय पंड़ित शिव कुमार हार्ट अटैक के साथ फोर्टिस कांगड़ा में आए थे जहां डॉक्टरों ने उनकी हार्ट डिजिज को मैनेज कर लिया था। लेकिन इसके साथ ही उन्हें फेफड़ों के संक्रमण ने जकड़ लिया। उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी। साथ ही संक्रमण से उनके शरीर के अन्य अंग भी प्रभावित हो गए हैं।

ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अखिल गौत्तम और मेडिसिन स्पेशलिस्ट डॉ. आनंद टोडवाल अपनी टीम के साथ उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। डॉक्टर्स ने बताया कि वर्तमान में न केवल वह हार्ट अटैक की चपेट में आए हैं, बल्कि उनके शरीर के बाकी अंगों ने भी काम करना बंद कर दिया है। अस्पताल में इलाज के दौरान उनके समस्त परिजन भी उनके साथ हैं।

उल्लेखनीय है कि पंड़ित शिव कुमार उपमन्यु प्रदेश के अग्रणी राजनेता रहे हैं। उन्होंने सरकार में बतौर कैबीनेट मंत्री कई विभागों में नेतृत्व किया है। उन्हें शिक्षा मंत्री के रूप में खासतौर से याद किया जाता है। चंबा जिला से ताल्लुक रखने वाले शिव कुमार भटियात विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। उनके पिता पंडित जैवंत राम भी प्रदेश के अग्रणी राजनेता थे और प्रदेश विधानसभा का पहला अध्यक्ष बनने का गौरव उनके नाम है।