Follow Us:

UP की युवती के साथ हुई बर्बरता पर प्रदेश महिला कांग्रेस ने जताया रोष, की कार्रवाई की मांग

पी. चंद |

उत्तर प्रदेश में एक युवती के साथ हुई बर्बरता पर हिमाचल महिला कांग्रेस ने रोष प्रकट किया है। अध्यक्ष जैनब चंदेल ने कहा कि योगी सरकार को सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा के शासन में महिलाओं के साथ ऐसे घोर अपराध से आज पूरा देश शर्मसार हो गया है। ऐसी बर्बरता से देश ही नहीं पूरा समाज शर्मसार हुआ है।

उन्होंने अपराधियों को कठोर से कठोर सजा देने की मांग करते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश में जंगल राज के चलते हर रोज महिलाओं पर अत्याचार हो रहें है, जो देश की कानून व्यवस्था की पूरी पोल खोलता है। देश में जिस भी बेटियों के साथ इस तरह की घटना घट रही हैं उनके साथ न्याय होना चाहिए और दोषियों को कठोर से कठोर सजा मिलनी चाहिए। भाजपा सरकार के राज में हर रोज देश और प्रदेश में महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहे हैं।

जैनब चंदेल ने कहा दरिंदों ने जिस तरह इस बेटी को यातनाएं दीं वो मानवता को शर्मसार करने वाली और क्रूरता की पराकाष्ठा है। आधी रात को बिना परिवार की सहमति के पीड़िता का दाह-संस्कार करना और भी निंदनीय और अमानवीय हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सिर्फ जुमला बनकर रह गया है। बेटी सिर्फ बेटी होती है चाहे वो किसी की भी क्यों न हो। हम हाथरस की इस बेटी को न्याय दिलाने के साथ-साथ देश की उन सभी बेटियों के लिए न्याय की मांग करते है जो न्याय की उम्मीद लेकर जिन्दगी की जंग हार गई और उनका परिवार आज भी न्याय मिलने का इंतजार कर रहे हैं।