Follow Us:

पंचायत चुनावों का ऐलान, शिमला जिला और मंडी के धर्मपुर में फ़िलहाल चुनाव पर रोक

पी. चंद |

पहाड़ी प्रदेश हिमाचल में 3615 पंचायतों के चुनाव का ऐलान हो गया है। प्रदेश में तीन चरणों में 17, 19 औऱ 21 जनवरी 2021 को चुनाव होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। 31 दिसंबर 2020, 1 औऱ 2 जनवरी 2021 को नामांकन पत्र दाख़िल किए जाएंगे। 4 को नामांकन पत्रों की छंटनी की जाएगी। 6 जनवरी को नामांकन पत्र वापस लेने की तिथि तय की गई है। 21 को मतदान के बाद चुनावों की गिनती भी की जाएगी। जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति के वोटों की गिनती 22 जनवरी को होगी। चुनावों की घोषणा के साथ ही प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार सहिंता भी लागू हो गई है।

प्रदेश की 3615 पंचायतों में 21384 वार्ड

हिमाचल प्रदेश में 412 नई पंचायतों का गठन हुआ है। 23 पंचायतें नए नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों में शामिल की गई हैं। पंचायतों में 3615 प्रधान और उप प्रधान चुने जाने है। कांगड़ा में सबसे अधिक 4785 वार्ड हैं। मंडी में 3271, शिमला में 2304, चंबा में 1771, सिरमौर में 1601,ऊना में 1555, सोलन में 1524,  हमीरपुर में 1430, कुल्लू में 1387, बिलासपुर में 1140, किन्नौर में 389 और लाहौल-स्पीति में 227 वार्ड हैं। पंचायत समिति के के 1792 वार्डों में चुनाव होगा जबकि 249 जिला परिषद सदस्यों के लिए चुनाव होगा।

राज्य निर्वाचन आयोग नगर परिषदों एवम नगर पंचायतों के चुनाव की तिथियों की घोषणा पहले ही कर चुका है। हिमाचल प्रदेश में होने जा रहे नगर निकायों की चुनाव में 56 फीसद पर महिलाएं रहेंगी। शहरी निकायों में 29 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों यानी की 50 शहरी निकायों में चुनाव हो रहे हैं। इनमें 50 अध्यक्षों में से 33 आरक्षित वर्ग के लिए हैं। इनमें 28 पर महिलाएं अध्यक्ष बनेंगी। दस जनवरी को होने वाले मतदान से नगर परिषद और नगर पंचायतों के 416 वार्ड सदस्यों का चयन होगा और उनमें से अध्यक्ष का चुनाव होगा।

वहीं, क़बायली क्षेत्रों में चुनाव नहीं होंगे। शिमला जिला औऱ मंडी के धर्मपुर ब्लॉक में न्यायालय में स्टे के चलते चुनाव की तिथि घोषित नहीं की गई है। उच्च न्यायालय ने रोस्टर को लेकर स्टे लिया गया है।