Follow Us:

‘अंबानी का हिमाचल रिसॉर्ट बनाना जरूरी नहीं, वर्तमान सरकार स्थापित उद्योगों पर दे ध्यान’

नवनीत बत्ता |

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रेम कौशल ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के बयान को तथ्यों के विपरित क़रार दिया है। सीएलपी मुकेश अग्निहोत्री के बयान का समर्थन करते हुए कौशल ने कहा कि अग्निहोत्री ने 5 साल एक सफल उद्योग मंत्री के रूप में उद्योगिक विस्तारीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज भाजपा सरकार उद्योगपत्तियों के साथ जिस भूमि बैंक की बात कर रही हैं वह भी कांग्रेस सरकार की देन है। मुकेश अपने अनुभव के आधार पर यदि कोई सार्थक सुझाव सरकार को दे रहे हैं तो मुख्यमंत्री को उस पर गौर करना चाहिए।

यदि भारत सरकार ने उत्तर-पूर्व और जम्मू कश्मीर की तर्ज़ पर हिमाचल को पैकेज नहीं दिया तो मुख्यमंत्री और सरकार की यह इन्वेस्टर मीट्स सैर सपाटे तक ही सीमित रह जाएंगी। महिंद्रा और अम्बानी ग्रुप द्वारा हिमाचल में रिसोर्ट बनाने का प्रस्ताव हिमाचल के लिए महत्वपूर्ण नहीं है, क्योंकि हिमाचल एक पर्यटक राज्य है और कोई भी ग्रुप पर्यटन से जुड़ी संभावनाओं का दोहन करके धन अर्जित करना चाहेगा। वर्तमान में सरकार की प्राथमिकता पूर्व में स्थापित उद्योगों को पलायन से रोकने के उपाय की होनी चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि हिमाचल के उद्योगीकरण की आधारशिला प्रदेश में कांग्रेस ने रखी थी जिसके परिणामस्वरूप आज प्रदेश एक प्रमुख उद्योगिक राज्य के रूप में विकसित हुआ है। सतपाल सत्ती को दूर जाने की आवश्यकता नहीं है अगर मैहतपुर, टाहलीवाल, गगरेट का एक चक्कर राजनीतिक चश्मा उतार कर लगा लें तो उन्हें हर तरफ कांग्रेस ही नज़र आएंगे। इसके अतिरिक्त पंडोगा भी उनके घर से दूर नहीं है शायद जिस भूमि बैंक की बात सरकार कर रही है पंडोगा भी उसका एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।