Follow Us:

‘जनमंच में समस्याओं के निवारण की जगह अधिकारी हो रहे प्रताड़ित’

नवनीत बत्ता |

अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के सदस्य एवं पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर ने जनमंच पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का जनमंच लोगों की समस्याओं का निवारण करने के बजाय अधिकारियों के प्रताड़ित करने का मंच होकर रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सरकार में प्रदेश में चलाए जा रहे जनमंच कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने इस पर चिंता जताई है।

उन्होंने जारी बयान में कहा कि सार्वजनिक मंचो पर अधिकारियों का अपमान कर भारतीय जनता पार्टी के मंत्री सरकारी सेवा नियमों की अवहेलना के साथ ही उन्हें डराने का भी प्रयास कर रहे हैं जो पूरी तरह गैरकानूनी है। उन्होंने दावा किया कि सरकार का जनमंच कार्यक्रम उपहास बनकर रहता जा रहा है। जनमंच के नाम पर सरकारी मशीनरी और सरकारी धन का दुरुपयोग कर अपने राजनीतिक एजेंडे पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि 2018 में आयोजित किए गए मरैहड़ा बदैहण जैसे क्षेत्र की आई शिकायतें सहित दर्जनों ऐसी शिकायतें हैं जिन्हें अभी तक सुलझाने का नाम नहीं लिया जा रहा है।  गैस बांटने के नाम पर सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ जुटाने से अधिक कोई कार्यक्रम आगे नहीं बढ़ पाया है। प्री-जनमंच एक माह से सुंदरनगर में चलता रहा मंडल के अधिकारी गांव में घूम-घूम कर कार्य करते रहे। इससे पूरे मंडल का विकास कार्य सहित लोगों के संबंधित कार्य ठप रहे मंडल के सारे अधिकारी मात्र 14 पंचायतों के कार्यो को निपटाने में मशगूल रहे इस तरह के धन खर्च से प्रदेश को चूना लगाकर भाजपा के मंत्री वाहवाही लूटने से अधिक कोई कार्रवाई करने में नाकाम रहे हैं।