Follow Us:

सुशील कुमार शिंदे होंगे हिमाचल कांग्रेस के नये प्रभारी!

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस प्रभारी के नाम का खुलासा हो चुका है। सूत्रों के मुताबिक यूपीए सरकार में पूर्व गृहमंत्री और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके सुशील कुमार शिंदे जल्द ही हिमाचल प्रदेश का कार्यभार ग्रहण करने वाले हैं। शिंदे के नाम पर लगभग मुहर लग चुकी है।

इसके अलावा सह-प्रभारी के पद के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी का कोई करीबी नियुक्त होने वाला है। इस दिशा में दिल्ली स्थित मुख्यालय से मुहर लग चुकी है।

गौरतलब है कि अंबिका सोनी काफी लंबे अर्से से हिमाचल के कार्यभार से खुद को मुक्त किए जाने के लिए आला कमान पर दबाव बना रही थीं। चुनाव से ठिक पहले अंबिका सोनी का प्रभारी के पद से हटने का फैसला अधिकांश लोगों को सोचने पर विविश भी किया।

हालांकि, समय और परिस्थिति को देखते हुए आलाकमान के सामने चुनावी माहौल में किसी अनुभवी व्यक्ति को प्रभार सौंपने की चुनौती थी। इस चुनौती से निपटने के लिए उन्होंने सुशील कुमार शिंदे पर विश्वास जताया है। समाचार फर्स्ट ने सबसे पहले यह पाठकों को बताया था कि हिमाचल की कांग्रेस प्रभारी अंबिका सोनी पद छोड़ रही हैं और किसी अनुभवी शख्स को यह जिम्मा सौंपा जा रहा है।

सूत्रों की माने तो शिंदे के हिमाचल आते ही पार्टी में बड़े फेरबदल संभव हैं। शिंदे को पार्टी के भीतर जरूरी सर्जरी करने के भी निर्देश दिए गए हैं। समाचार फर्स्ट को मिली जानकारी के मुताबिक सुशील कुमार शिंदे को हिमाचल में पार्टी की आतंरिक गतिविधियों को रास्ते पर लाने के लिए आलाकमान ने फुल-हैंड जिम्मेदारी दे दिया है।