Follow Us:

चंबा में 3 लाख से ज्यादा वोटर तय करेंगे कांग्रेस-बीजेपी का भविष्य

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल विधानसभा चुनावों में 68 विधानसभा क्षेत्रों में जिला चंबा में 5 विधानसभा क्षेत्र हैं। जिनमें 3 लाख से ज्यादा वोटर हैं। विस चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी दोनों राजनीतिक दलों का भविष्य चंबा के लाखों वोटरों के हाथ में है। चंबा जिला के 5 विधानसभा क्षेत्रों में आगामी 9 नवंबर को तीन लाख 53 हजार 500 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

गत चुनावों की तुलना में इस मर्तबा मतदाताओं की तादाद में 37 हजार 415 का इजाफा दर्ज किया गया है। गत चुनावों में मतदाताओं का आंकडा 316085 रहा था। चंबा सदर हलके में सर्वाधिक 75289 और डल्हौजी में सबसे कम 66669 मतदाता रिकार्ड किए गए हैं। चंबा जिला में पुरुष मतदाताओं की संख्या 180948, जबकि, महिला मतदाता 172551 है। जिला में सर्विस इलेक्टर की संख्या 1534 है।

जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन की ओर से जारी मतदाता सूचियों के मुताबिक चंबा सदर हलके में सर्वाधिक 75289 मतदाता रिकार्ड किए गए हैं। इनमें 38146 पुरुष और 37142 महिला मतदाता हैं। वर्ष 2012 के चुनावों में सदर हलके से मतदाताओं की संख्या 68049 थी।

चुराह हलके में कुल 68623 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 35162 पुरुष और 33461 महिला मतदाता हैं। पिछले विधानसभा चुनावों में मतदाताओं का आंकड़ा 60834 थी। भरमौर हलके में 71374 मतदाता दर्ज किए गए हैं। मतदाता सूची के मुताबिक भरमौर हलके में पुरुष मतदाताओं की तादाद 36993 व महिला मतदाता 34381 हैं।

भरमौर में वर्ष 2012 के चुनावों में 63479 मतदाता दर्ज हुए थे। डल्हौजी हलके में 66669 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। डलहौजी में पुरुष मतदाता 34186 और महिला मतदाता 32483 हैं। वर्ष 2012 में डलहौजी हल्के में 60956 मतदाता थे।

भटियात हलके में इस मर्तबा 71545 मताधिकार का प्रयोग करेंगे। भटियात में पुरुष मतदाता 36461 और महिला मतदाता 35084 हैं। 2012 के चुनावों में मतदाताओं का आंकड़ा 63127 था। इन मतदाताओं में 1534 सर्विस इलेक्टर भी शामिल हैं।