Follow Us:

धर्मशाला नगर निगम चुनाव, सर्किट हाउस में CM ने की वार्ड प्रभारियों और वार्ड प्रमुखों के साथ बैठक

|

धर्मशाला के सर्किट हाउस में आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने धर्मशाला नगर निगम चुनावों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी के वार्ड प्रभारियों और वार्ड प्रमुखों के साथ बैठक की। बैठक को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा की पार्टी के कार्यकर्ताओं को जो भी जिम्मेवारी पार्टी ने सौंपी उसका वह निर्वहन करेंगे और पार्टी को 17 के 17 वार्डों में जीत दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि निसंदेह यह चुनाव स्थानीय निकाय का है इसलिए इसमें स्थानीय मुद्दे ही प्रमुख रहेंगे परंतु फिर भी कार्यकर्ता सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को भी जन-जन तक पहुंचाएं। 

जयराम ठाकुर ने सभी पार्टी पदाधिकारियों, प्रभारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे सभी वार्डों की समस्याओं का भी विवरण रखें ताकि चुनाव जीतने के बाद उन समस्याओं का हल किया जा सके। जयराम ठाकुर ने कहा कि 2014 से भारतीय जनता पार्टी में हर चुनाव को जीतने का क्रम जारी है और भविष्य में भी यह क्रम निरंतर चलता रहेगा। धर्मशाला नगर निगम के चुनाव में प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है और मुझे पूर्ण विश्वास है कि कार्यकर्ता इस में सफल रहेंगे।

इस बैठक को लोकसभा सांसद किशन कपूर ने भी संबोधित किया। किशन कपूर ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों के कारण ही भारतीय जनता पार्टी को चुनावों में भारी विजय मिल रही है। कपूर ने कहा कि धर्मशाला में जो भी विकास हुआ है वह केवल भारतीय जनता पार्टी की देन है। उन्होंने विधायक रहते हुए भी इस क्षेत्र के विकास में योगदान दिया उसके बाद मंत्री के रूप में भी इस क्षेत्र को पहचान दी और अब बतौर सांसद भी इस क्षेत्र के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध हैं।

इसके उपरांत वन युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री व धर्मशाला नगर निगम के चुनाव प्रभारी राकेश पठानिया ने भी प्रभारियों व वार्ड प्रमुखों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने अभी तक जितनी भी जनसभाएं 17 वार्डो में की है उनमें लोगों का अपार स्नेह और सहयोग मिला है। पठानिया ने कहा कि लोगों का उत्साह और कर्य्म्र्तओं का मनोबल स्पष्ट रूप से दिखा रहा है कि धर्मशाला नगर निगम में जीत भाजपा के प्रत्याशियों की ही होगी।