Follow Us:

महंगाई रोकने की बजाए कोरी घोषणाएं कर जनता को भ्रमित कर रही सरकार: राठौर

पी.चंद |

चुनावी वर्ष में बीजेपी सरकार के द्वारा 125 यूनिट मुफ्त बिजली और अन्य घोषणाओं को कांग्रेस ने महज चुनावीं घोषणाएं करार दिया है। यह सरकार द्वारा जनता को भ्रमित करने का असफल प्रयास है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि जनता सब जानती है। लोग बीजेपी सरकार के बहकावे में न आकर इन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे।

कुलदीप राठौर ने कहा कि चुनाव से कुछ महीने पहले की गई इन घोषणाओं को जनता गम्भीरता से नहीं ले रही। चार वर्षों तक सरकार ने कुछ नहीं किया। अब जब जाने की बारी है तब जनता को लुभाने का प्रयास किया जा रहा। यह घोषणाएं धरातल पर नहीं उतरेगी।

उन्होंने कहा कि आज महंगाई से जनता त्रस्त है। सरकार को सिलेंडर के दाम कम करने के साथ पेट्रोल-डीजल पर वेट कम करना चाहिए। महंगाई कम करने के बजाए सरकार सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास कर रही है। 70 हजार करोड़ से ज्यादा का प्रदेश पर कर्ज हो गया है। कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में सरकार लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है जिसमें वह सफल नहीं होगी।