Follow Us:

शिमला से जैसे वीरभद्र सदाबहार मुख्यमंत्री रहे, वैसे अब मंडी से जयराम ठाकुर रहने चाहिए: महेंद्र सिंह

बीरबल शर्मा |

मंडी के सेरी मंच पर आयोजित आभार रैली को संबोधित करते हुए जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि जैसे शिमला से वीरभद्र सिंह सदाबहार मुख्यमंत्री रहे हैं इसी तरह से अब मंडी क्षेत्र से जयराम ठाकुर सदाबहार मुख्यमंत्री रहने चाहिए। मुख्यमंत्री और प्रदेश प्रभारी की मौजदूगी में दिए गए भाषण में महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि मंडी जिले को लंबे अरसे के इंतजार के बाद मुख्यमंत्री के रूप में कुर्सी मिली है, मंडी का पुत्र पहली बार मुख्यमंत्री बना है, यह कुर्सी महालक्ष्मी की तरह है, पहले मैं कहता था कि इसे सीमेंट या फेवीकोल लगाकर रखने की बात करता था मगर अब कह रहा हूं कि मंडी क्षेत्र के 13 लाख लोगों को यह कुर्सी मजबूती के साथ सालों तक पकड़े रखनी है।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में पिछले तीन सालों में सभी चुनाव जीते हैं जो एक रिकॉर्ड है। इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ और न ही शायद आगे भी हो पाएगा। जयराम ठाकुर प्रदेश के अब तक के सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री साबित हुए हैं। उन्होंने राज्यपाल के साथ की गई अभद्रता धक्का मुक्की को शर्मनाक करार देते हुए कहा कि एक बुजुर्गत्र 80 साल के व्यक्ति जो प्रदेश का प्रथम नागरिक है को उसके परिवारजनों के सामने जिस तरह से कांग्रेसी विधायकों ने जानलेवा हमला किया, ऐसा इस प्रदेश तो क्या देश में भी कभी नहीं हुआ। महेंद्र सिंह ने मंडी नगर निगम चुनावों का प्रभारी होने के नाते मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि जो तोहफा उन्होंने नगर निगम के रूप में मंडी वालों को दिया है उसके बदले में यहां पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करके सत्ता कायम करेंगे।