Follow Us:

देहरा मंडल अध्यक्ष चुनाव से पहले रविंद्र रवि के समर्थकों ने युवा मोर्चा अध्यक्ष के साथ की धक्का-मुक्की

मनोज धीमान |

पूर्व मंत्री रविंद्र रवि के सामने उनके समर्थकों ने भाजयुमो अध्यक्ष देहरा नितिन ठाकुर के साथ धक्का-मुक्की कर दी और पूर्व मंत्री देखते रहे। बताते चलें शुक्रवार को तय कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रभारी संजीव शर्मा की अगुवाई में देहरा मंडल अध्यक्ष का चुनाव किया जाना था। लेकिन चुनाव परिणाम से ठीक पहले जहां भाजयुमो अध्यक्ष नितिन ठाकुर ने अपनी बात रखनी चाही की मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश संगठन के साथ तालमेल बनाने वाले व्यक्ति को ही अध्यक्ष बनाया जाए। ताकि आने वाले समय में और ज्यादा संगठन मजबूती से आगे आए।

उन्होंने कहा कि संगठन में किसी चेहरे को थोपा न जाए जो कि पूर्व में होता रहा है। सभी बूथ अध्यक्षों के सुझाव लिए जाएं और सहमति से संगठन हित में निर्णय लिया जाए। लेकिन यह बात पूर्व मंत्री रविंद्र रवि के समर्थकों को गवारा नहीं हुई और उन्होंने नितिन ठाकुर के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी और उनकी आवाज को दबाने की पुरजोर कोशिश की।

हैरानी की बात तो यह थी पूर्व मंत्री रविंद्र रवि के सामने यह सारा घटनाक्रम घटित होता रहा। लेकिन उन्होंने इसे रोकने का कोई भी अपनी ओर से प्रयास नहीं किया। इस घटना के बाद से देहरा की सियासत और भी गर्मा गई। और बाद में तय रणनीति के मुताबिक रविंद्र रवि एक नए चेहरे को भाजपा मंडल का अध्यक्ष निर्मल सिंह को बनाने में सफल रहे।