Follow Us:

कौल सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर बोला हमला, बोले- भाजपा की गलत नीतियों से आज देश खतरें में पड़ा

बीरबल शर्मा |

पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने एक बार फिर केंद्र की मोदी सरकार के साथ-साथ प्रदेश की जयराम सरकार पर बड़ा हमला बोला। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों की वजह से आज देश खतरे के है। मोदी सरकार अंबानी और अडानी के हाथों की कठपुतली बन कर रह गई है। जो देश की जनता को दोनों हाथों से लूट रहे हैं। यही वजह है कि पेट्रोलियम पदार्थों के साथ साथ सभी वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। महंगाई लगातार बढ़ रही है। 

शुक्रवार को द्रंग हल्के के इलाका उतरशाल की ग्राम पंचायत बथेरी और सनवाड़ के जनसंपर्क अभियान दौरान कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार भी केंद्र के नक्शेकदम पर चलते हुए आम जनता की उम्मीदों के अनुरूप खरा नहीं उतर पाई है। सराज और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र को छोड़ कर प्रदेश भर में विकास की रफ्तार थम गई है। भाजपा के विधायक ही अपनी सरकार पर भेदभाव के सवालिया निशान लगा रहे हैं। वहीं, मोदी सरकार उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकारी संपतियों को निजी हाथों में गिरवी रख रहे हैं। किसानों के हक हकूकों के खिलाफ कानून बना कर अधिकार खत्म किए जा रहे हैं। जिसके विरोध में धरने पर बैठे किसानों की आवाज तक नही सुनी जा रही है। 

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नीतियां हमेशा जनविरोधी रही हैं। नीति और नीयत में दिन रात का अंतर है। प्रधानमंत्री की मन की बात और लच्छेदार भाषणों से जनता अब ऊब चुकी है। प्रदेश में 2022 में सत्ता परिवर्तन निश्चित है। इसका ट्रेलर नगर निगम चुनावों में देखने को मिलेगा। कांग्रेस पार्टी पालमपुर, मंडी और सोलन नगर निगम में जीत का परचम लहराएगी। कार्यकर्ता सरकार की करनी और कथनी को आम जनता के बीच जगजाहिर करे।

इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बामण देव ठाकुर, बथेरी पंचायत प्रधान शकुंतला देवी, सनवाड़ पंचायत प्रधान मीरा देवी, द्रंग कांग्रेस सचिव रमेश चंद, रत्न चंद, फरजंद अली, हरि सिंह, पूर्व प्रधान सागर चंद, कर्म चंद, जसो देवी, शकुंतला देवी, कृष्णा देवी, बलदेव, सौजी राम, रफी मोहमंद सहित अन्य मौजूद रहे।