Follow Us:

मिशन रिपीट-2022 में अहम भूमिका निभाएगा किसान मोर्चा: राकेश शर्मा बबली

बीरबल शर्मा |

बीजेपी किसान मोर्चा की ओर से प्रदेश भर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया । सोमवार को मंडी में किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डा. राकेश शर्मा बबली ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि योग हमारे ऋषि-मुनियों की परंपरा है, जिसे अब विश्व योग दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोविड काल में भी योग व आयुर्वेद की वजह से कोरोना का प्रहार कम हुआ। आयुर्वेद और योग के बारे में किसान मोर्चा जागरूकता पैदा कर रहा है।

उन्होंने बताया कि मिशन रिपीट 2022 भाजपा सरकार की प्रदेश में वापसी और इससे पहले मंडी संसदीय क्षेत्र व अन्य दो उप चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा किसान मोर्चा अहम भूमिका अदा करेगा। इस बारे में किसान मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर रणनीति बनाई गई। प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में 197 करोड़ की महत्वकांक्षी योजनाएं शुरू की है। जिसमें मंडियों के विस्तारीकरण और नई मंडियां खोलने के अलावा कोल्ड स्टोर खोलने के लिए 25 करोड़ रूपए जारी किए हैं। इसके अलावा सोलन में टोमेटो प्रोसेसिंग युनिट केलिए जगह चिन्हित की गई है, जल्द ही टोमेटो प्रोसेसिंग युनिट स्थापित होने के बाद किसानों को उनके उत्पाद के बेहतर दाम मिलेंगे। इसके अलावा बेसहारा पशुओं केलिए गोसदन और पशुशाला बनाने की जारी है।

राकेश शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की आत्महत्याओं को रोकने केलिए किसान सम्मान निधि योजना शुरू की है। देश के दस करोड़ किसानों के खाते में हर साल छह हाजर रूपए किसान सम्मान  निधि के रूप में आ रहे हैं। जिससे वे समय पर खाद व बीज खरीद सके। हिमाचल प्रदेश में करीब नौ लाख किसान इस योजना का लाभ उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्राकृतिक खेती के लिए 25 करोड़ रूपए की राशि जारी की है। जिससे किसान जहर मुक्त खेती कर सके। उन्होंने बताया कि मिशन रिपीट 2022 केलिए हर बूथ पर 15 किसान प्रहरी तैनात किए जाएंगे जो किसानों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाएंगे और उनका समाधान भी करवाया जाएगा। इसके अलावा किसान मोर्चा 25 जून से 6 जुलाई तक प्रदेश भर में वृक्षारोपण अभियान चलाएगा।