Follow Us:

राठौर बोले- ‘जब राहुल गांधी ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाने को फोन किया तो एक पल न आई नींद’

कमल नाग |

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर का मंडी जिला के सुंदरनगर में पहली बार पहुंचने पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान राठौर ने सुंदरनगर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अपनी पहली बैठक ली। राठौर ने बैठक शुरू होते ही सबसे पहले अनुशासनात्मक होने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अनुशासनहीनता पार्टी के भीतर सहन नहीं की जाएगी।

बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए राठौर ने कहा कि उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया जा रहा, इस बात का उन्हें अंदेशा नहीं था। जिस दिन राहुल गांधी ने उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नियुक्त करने को फोन किया तो उस रात उन्हें एक पल के लिए भी नींद नहीं आई। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस में एक वकील की तरह नहीं, एक जज की तरह भूमिका निभाने आए हैं।

उन्होंने पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा कि एक तानाशाह व्यक्ति के हाथ देश की कमान चली गई है। मोदी ने किसान, नौजवानों और छोटे कारोबारियों से झूठ बोल सत्ता हासिल की और देश की जनता से छल किया।

राठौर ने प्रदेश सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि जयराम सरकार प्रदेश में नशे के कारोबार को रोकने के असमर्थ रही है, जिसके चलते प्रदेश में कई नौजवानों की जान जा चुकी है। प्रदेश में कांग्रेस समय में जो काम हुए उनका श्रेय जयराम सरकार लेने में जुटी है।

इसके अलावा उन्होंने शिमला में हुई घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ चंद लोगों के चलते प्रदेश कांग्रेस की बदनामी हुई है। इसके लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित की गई है और जल्द दोषियों का पता लगाकर उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।