Follow Us:

अभी से हार का ठीकरा EVM पर फोड़ रही कांग्रेस: चंद्र मोहन ठाकुर

पी. चंद |

प्रदेश बीजेपी के महामंत्री एवं चुनाव प्रबंध समिति के संयोजक चंद्र मोहन ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस लोकसभा चुनावों में हार सुनिश्चित देखकर ठीकरा ईवीएम पर फोड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी जनविरोधी नीतियों और दिशाहीन राजनीति पर आत्मालोचन करने की बजाय हमेशा बली का बकरा ढ़ूढती है। वह सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग, सीएजी जैसी बड़ी सवैधानिक संस्थाओं और सेना पर एक बड़े षडयंत्र के तहत निशाना साध रही है ताकि देश में अराजकता का माहौल बनाया जा सके। लेकिन जनता के सामने कांग्रेस की यह साजिश बेनकाब हो चुकी है।

चंद्र मोहन ठाकुर ने कहा कि देशभर में मोदी लहर को सुनामी में बदलता देख कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत सभी बड़े नेता बौखलाहट में हैं। वे भाजपा नेताओं के खिलाफ चरित्र हनन के साथ-साथ महिलाओं के प्रति भी अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। इसी कड़ी में वे संविधानिक संस्थाओं के प्रति भी ज़हर उगलते हैं। चुनाव आयोग जैसी निष्पक्ष संवैधानिक संस्था पर बेबूनियाद आरोप लगाकर उसकी विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह लगाने के पीछे भी यही कारण है। कांग्रेस कह रही है कि चुनाव आयोग और ईवीएम पर उसे विश्वास नहीं है। वह झुठे आरोप लगाती है कि ईवीएम सही ढंग से काम नहीं कर रही है जबकि सच्चाई इससे ठीक उलट है। जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो ईवीएम ठीक होती है और जब हारती है तो उसे वोटिंग मशीन खराब लगती है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट द्वारा अवमानना का नोटिस जारी किया जाना एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। वह समझते हैं कि बड़े राजनीतिक घराने का वारिस होने के नाते वे सुप्रीम कोर्ट से भी ऊपर है। रफैल मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट का नाम लेकर वे खुद फैसले बताने लगे जोकि सरासर अदालत की अवमानना है। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) द्वारा कांग्रेस शासनकाल के हजारो करोड़ रूपए के घोटाले उजागर करने के बाद कांग्रेस ने इस संवैधानिक संस्था पर भी निराधार आरोप लगाए थे।

देश की बहादुर सेनाओं का सम्मान करने की बजाय कांग्रेस उनके शौर्य पर सवालिया निशान लगाती रही है। कांग्रेस अध्यक्ष उन लोगों के समर्थन में धरने पर जाते हैं जो “भारत तेरे टुकड़े होंगे-इंशा अल्लाह इंशा अल्लाह“ के नारे लगाकर सेना को बलात्कारी बताते हैं। राहुल गांधी का वह शर्मनाक बयान सबको पता है जिसमें उन्होंने देश के सेना अध्यक्ष को “सड़क का गुंडा“ कहा था। कांग्रेस के ऐसे देशविरोधी काम उस बड़ी साजिश का हिस्सा हैं जिस के अंतर्गत देश में अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है।

चंद्र मोहन ठाकुर ने कहा कि देश की जनता अब बहुत जागरूक और समझदार हो चुकी है। वह कांग्रेस की साजिशों को अच्छी तरह समझती है। इसलिए हार को सामने देखकर कांग्रेस ने बौखलाहट में ईवीएम एवं अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर हमले तेज़ कर दिए है।