Follow Us:

चुनाव में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: राठौर

रविंदर, ऊना |

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सभी कार्यकर्ता एकजुटता के साथ मैदान में जुटे हैं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा। हर विधानसभा क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी को ऊना जिला से सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दिलाई जाएगी। राठौर रविवार को चंडीगढ़ से हमीरपुर जनरल हाऊस में हिस्सा लेने को जाते हुए कुछ समय के लिए ऊना में रूके। जहां पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश पराशर के नेतृत्व में राठौर का स्वागत हुआ।

राठौर ने कहा कि रूठे हुए कार्यकर्ताओं को मना कर पार्टी के काम में लगाना भी एक प्राथमिकता है। जिसके लिए काम किया जा रहा है। राठौर ने कहा कि पार्टी में कई बार आपसी मनमुटाव हो जाता है, लेकिन इसे ज्यादा लंबे समय तक नहीं रखा जाना चाहिए। यह पार्टी विचारों की है, कार्यकर्ताओं की है, ऐसे में कार्यकर्ता खुले मन से अपनी बात पार्टी के मंच व नेताओं के समक्ष रख सकते हैं, उनका हर संभव हल किया जाएगा। मेरी अपनी प्राथमिकता भी है कि जो कार्यकर्ताओं में घर बैठे हैं, रूठे हैं, जो पार्टी के लिए उपयोगी हो सकते हैं, उन्हें मना कर के पार्टी के काम में लगाया जाएगा, ताकि कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सूची भी कार्यकर्ताओं की बनाई जा रही है।

जिला ऊना का हमीरपुर क्षेत्र के चुनाव के लिए बहुत महत्व है। कांग्रेस पार्टी का जिला के विकास में अहम योगदान रहा है, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने यहां हर क्षेत्र में विकास के कामों को आगे बढ़ाया है। जिला के बड़े प्रोजेक्ट कांग्रेस सरकार की देन है। राठौर ने कहा कि जिला के ऊना के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशी को बढ़त मिले इसके लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए और कांग्रेस प्रत्याशी ठाकुर रामलाल मजबूत हैं, वरिष्ठ हैं, उनका क्षेत्र में अपना प्रभाव भी है, हम सब मिलकर उनकी जीत के लिए काम करेंगे।

 उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में पदाधिकारियों, नेताओं सब की परफॉर्मेंस का खाका तैयार होगा और जमीनी हकीकत को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।  उन्होंने कहा कि सभी फील्ड में जुटे। आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी का पूरे प्रदेश में चुनाव  प्रचार तेज  होगा। राठौर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए कांग्रेस पार्टी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, कांग्रेसी नेता नवजोत सिंह सिद्धू, शत्रुघ्न सिन्हा, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह व आनंद शर्मा सहित अनेक बड़े नेताओं की रैलियों को करवाने का खाका तैयार कर रही है।