Follow Us:

बिहार में महागठबंधन का ऐलान, RLSP चीफ उपेंद्र कुशवाहा भी हुए शामिल

समाचार फर्स्ट डेस्क |

3 राज्यों में मिली जीत के बाद कांग्रेस का आत्मविश्वास चरम पर है और इस बात की झलक अब देखने को भी मिल रही है। कुछ समय पहले एनडीए से अलग होने वाले राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी (आरएलएसपी) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने यूपीए का हाथ थाम लिया है। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर उन्होंने यूपीए का दामन थामा। बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने गठबंधन का ऐलान करते हुए कहा कि यह गठबंधन बिहार और देशहित में हुआ है।

गठबंधन में कांग्रेस के अलावा जीतनराम मांझी की हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम), उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएसपी, लालू प्रसाद यादव की आरजेडी शामिल हैं। गठबंधन का ऐलान करते हुए बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि यह गठबंधन देशहित में हुआ है। तेजस्वी ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा का महागठबंधन में स्वागत है।

तेजस्वी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में अघोषित इमरजेंसी लग गई है और यह देश तथा संविधान को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने घटक दलों के साथ तानाशाही की है। नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए तेजस्वी ने कहा कि उन्होंने जनादेश का अपमान किया है।