Follow Us:

गुनहगार को बचाने में जुटी मोदी सरकार, मंत्री को बर्खास्त कर हो जांच: कांग्रेस

पी.चंद |

यूपी के लखीमपुर खीरी में भाजपा मंत्री के बेटे की गाड़ी से किसानों को कुचलने के मामले की कांग्रेस लगातार जांच की मांग कर रही है। इसी कड़ी में अब कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता चरणजीत सिंह सापरा ने मोदी सरकार पर हमला बोला।

शिमला में मीडिया को संबोधित करते हुए चरणजीत सापरा ने कहा कि यूपी में बीजेपी के मंत्री के बेटे ने किसानों के ऊपर गाड़ी चढ़ाई, लेकिन कार्यवाही के बजाए पूरी की पूरी मोदी सरकार गुनहगार को बचाने में लगी है। उन्होंने कहा कि चश्मदीद के अनुसार पिस्तौल से किसान की मौत हुई लेकिन सच बाहर नहीं आ पा रहा है। जब विपक्ष के नेता यूपी में परिवार से मिलने जाते है तो उन्हें रोका गया। प्रियंका गांधी को 48 घण्टे से ज्यादा हिरासत में रखा गया।

धृतराष्ट्र की भूमिका में हैं मोदी

उन्होंने कहा कि सत्ता बल और बाहुबल का प्रयोग कर गुनहगारों को बचाया गया है। पूरे देश में भाजपा के नेताओं के लिए अलग और आम जनता के लिए अलग कानून लागू किया जा रहा है। यूपी में अंधा कानून चल रहा है। उन्होंने मांग की मंत्री के बेटे को हिरासत में लिया जाए और गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा को पद से इस्तीफा देना चाहिए। सापरा ने कहा कि राम राज्य की बात करने वाले लोग खुद यमराज बनकर लखीमपुर में उतरे हैं। ऐसा व्यक्ति जो तस्करी करता है गुंडा है उसे मोदी ने गृह राज्य मंत्री बनाया है। भूमि पुत्रों के कुचले जाने पर मोदी धृतराष्ट्र की भूमिका में है।

मोदी सरकार ने देश लुटाया

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि देश में आर्थिक घाटा लगातार जारी है। ऐमाज़ॉन ने 8546 करोड़ रुपये भारत सरकार को लीगल फीस दी है यह किस बात के लिए दी है। इसमें घोटाला हुआ है। कम्पनी ने यह रकम देकर नियमों में क्या बदलाव करवाये यह जानने का विषय है। मोदी सरकार का न खाएंगे न खाने देंगे का नारा खोखला साबित हुआ है। आज मोदी सरकार खाएंगे, खिलाएंगे, लुटाएंगे की नीति पर काम कर रही है और पूरे देश को लूटा रहे हैं। 70 सालों में कांग्रेस ने जो बड़ी बड़ी कम्पनियां बनाई थी वह सात सालों में लुटा दिया। 70 सालों के जतन का 7 साल में पतन हो गया है।

उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोल डीजल के दाम में हर रोज बढ़ रहे है। पैट्रोल 100 के पार हो गया है। सिलेंडर 1000 का आंकड़ा छू गया है। महंगाई से आम जनता परेशान है लेकिन केंद्र की मोदी सरकार मूकदर्शक बन गई है। चुनावों में जनता इन्हें बाहर का रास्ता दिखाएगी।