Follow Us:

BJP एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पहुंचे शिमला, आगामी चुनावों को लेकर तैयार करेंगे रणनीति

पी.चंद |

नगर निगम शिमला और विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। बीजेपी कार्यालय दीपकमल चक्कर में अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य शिमला पहुंचे हैं। इस बैठक में प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और पार्टी के बड़े पदाधिकारी भी शामिल हैं।

लाल सिंह आर्य ने बताया कि प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी के साथ बैठक होगी जिसमें संगठन को मजबूत करने की रणनीति तैयार होगी। कल राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक होगी। वहीं, आगामी छह महीने के लिए मोर्चा के कार्यक्रम भी तय किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां दलित गरीब पिछड़ी जातियों के उत्थान की हैं। मोर्चे ने यूपी, उत्तराखंड चुनावों में अग्रणी भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भीमराव अंबेडकर को अपमानित करने का काम किया है। उन्हें दो बार चुनाव हराने का काम किया गया। उनका कोई राष्ट्रीय स्मारक नहीं बनाया गया। दूसरी और मोदी सरकार ने उनके पांच राष्ट्रीय स्मारक बनाये हैं। देश भर में उनके नाम से विश्वविद्यालय और कई बड़े संस्थान बनाये गए हैं। कांग्रेस ने इस और कोई ध्यान नहीं दिया।