Follow Us:

विवेकानंद जयंती पर बीजेपी प्रदेश के सभी 7723 बूथों पर CAA को लेकर लोगों को करेगी जागरूक: सत्ती

पी. चंद, शिमला |

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा बीजेपी स्वामी विवेकानंद की जयंति के अवसर पर 12 जनवरी, 2020 को प्रदेश के सभी 7723 बूथों पर एक साथ बैठक के माध्यम से नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर लोगों को जागरूक करेगी। नागरिकता संशोधन अधिनियम के समर्थन हेतु लोगों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम धन्यवाद पत्र लिखने का भी आग्रह किया जाएगा और टोल फ्री नं0 8866288662 पर मिस्ड कॉल करवाई जाएगी। इसके अलावा इस अधिनियम से जुड़ी जानकारी के पत्रक भी लोगों में बांटे जाएंगे। बूथ बैठकों में प्रदेश बीजेपी सरकार की 2 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर भी चर्चा की जाएगी।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सीएए नागरिकता देने का अधिनियम है इससे किसी की भी नागरिकता को कोई खतरा नहीं है। विपक्षी दलों द्वारा सिर्फ राजनीतिक द्वेष की भावना के कारण लोगों को गुमराह किया जा रहा है, लेकिन देश – प्रदेश की जनता विपक्षी दलों की कुटील चालों से अच्छी तरह वाकिफ हो चुकी है और उनकी गुमराह करने वाली राजनीति का देश और प्रदेश की जनता पर कोई असर नहीं होगा।

सत्ती ने कहा कि कि नागरिकता संशोधन अधिनियम-2019, जिसके तहत पाकिस्तान, बांग्लादेश एवं अफगानिस्तान से भारत में शरण लिए इन देशों के लाखों शरणार्थियों (हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, ईसाई, यहूदी आदि) जो 31 दिसंबर 2014 से पूर्व भारत में रह रहे हैं, को भारत की नागरिकता लेने का रास्ता साफ हो गया है। भारत सरकार के इस साहसिक एवं ऐतिहासिक निर्णय की पूरे देश में प्रशंसा हो रही है। केवल कुछ राजनीतिक पार्टियां एवं मुट्ठी भर लोग इस अधिनियम की गलत व्याख्या कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होनें कहा कि जो राजीनतिक पार्टियां आज इस अधिनियम का विरोध कर रही हैं, वह पूर्व में इस अधिनियम का समर्थन करती रही हैं। और आज जब मोदी सरकार ने इस अधिनियम को पारित करवा दिया है तो सिर्फ राजनीतिक द्वेष की भावना के कारण इस अधिनियम का विरोध कर रही हैं। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्षी दलों द्वारा इस अधिनियम को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों को दूर करने और लोगों को इस अधिनियम की वास्तविक जानकारी देने के लिए बीजेपी ने जनजागरण अभियान शुरू किया है। यह अभियान प्रदेश में 5 जनवरी से शुरू हो चुका है जो 15 जनवरी, 2020 तक चलेगा।