Follow Us:

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पहली बार शामिल होंगी प्रियंका गांधी

समाचार फर्स्ट डेस्क |

इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव की रणनीति को अंतिम रुप देने के लिए कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक 28 फरवरी को अहमदाबाद में होगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पहली बार इस बैठक में शामिल होंगी। पहले यह बैठक 26 फरवरी को तय की गई थी लेकिन बाद में इसकी तारीख में बदलाब किया गया। सीडब्ल्यूसी की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल होंगी।

चुनाव से ठीक पहले गुजरात में सीडब्लूसी की बैठक काफी अहम मानी जा रही है। क्योंकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गुजरात से हैं। बैठक से पहले साबरमती आश्रम में सर्वधर्म सभा आयोजित की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस से मिली जानकारी के अनुसार गुजरात में लंबे समय के बाद कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक आयोजित हो रही है। इससे पहले 1960 में सीडब्लूसी की बैठक हुई थी।

कांग्रेस अध्यक्ष के तौर राहुल गांधी के जिम्मेदारी संभालने के बाद कांग्रेस कार्यसमिति की यह चौथी बैठक होगी और लगातार दिल्ली से बाहर होने वाली दूसरी बैठक है।