Follow Us:

यूपी के अभियान पर प्रियंका गांधी, लखनऊ में रोड शो से होगी शुरुआत

समाचार फर्स्ट डेस्क |

कांग्रेस महासचिव बनाए जाने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा पहली बार यूपी पहुंच रही हैं। अपने दौरे की शुरुआत प्रियंका गांधी एक मेगा रोड शो के साथ करेंगी। सोमवार को प्रियंका गांधी व ज्योतिरादित्य सिंधिया राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ दोपहर करीब 11 बजे लखनऊ के अमौसी एयर पोर्ट पहुंचेंगे। वहां स्वागत के बाद उनको जुलूस की शक्ल में कांग्रेस मुख्यालय तक लाया जाएगा।

 शहीद पथ तिराहे से अवध चौराहा, आलमबाग, नत्था होटल तिराहा, हुसैनगंज चौराहा, बर्लिंगटन चौराहा, लाल बाग तिराहा, हजरत गंज चौराहा से राज भवन होते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे। 15 किमी लंबा यह रोड शो 4 घंटे से ज्यादा समय तक चलेगा। इस रोड शो को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

बता दें कांग्रेस पार्टी ने पिछले महीने ही प्रियंका गांधी को पूर्वी यूपी का प्रभारी भी बनाया गया था। प्रियंका अगले 4 दिनों उत्तर प्रदेश में रहेंगी। जहां वह न सिर्फ चुनावी अभियान करेंगी बल्कि बड़े पैमाने पर कार्यकर्ताओं का मिजाज भी समझेंगी। प्रियंका गांधी के लखनऊ पहुंचने से पहले उनका ऑडियो मैसेज जनता तक पहुंच गया है। जहां वह लोगों से नई राजनीति की बात करती नजर आ रही हैं। प्रियंका के दौरे से पहले कांग्रेस का राज्य मुख्यालय भी सजाया संवारा गया है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रियंका-राहुल के स्वागत की जोरदारी तैयारी की है।