Follow Us:

राहुल गांधी का हिमाचल दौरा तय, 7 मार्च को कांगड़ा में हो सकती है रैली

मृत्युंजय पूरी |

लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का हिमाचल का पहला दौरा तय हो चुका है। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव रजनीश किमटा ने कहा कि 7 मार्च को राहुल गांधी हिमाचल में रैली कर सकते हैं। हालांकि अभी रैली स्थल का चयन होना बाकी है, लेकिन संभावनाएं हैं कि यह चुनावी रैली कांगड़ा में किसी स्थान पर हो सकती है।

महासचिव ने कहा कि कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और बीजेपी को चारों सीटों में मात देगी। रैली से पहले हिमाचल कांग्रेस की जनरल हाऊस शिमला में 25 फरवरी को होगा। जिसमें बड़े नेताओं सहित 1 हजार के करीब कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। इसके बाद शिमला में ही एक रैली निकालने की भी योजना है।

राहुल गांधी के हिमाचल दौरे की पुष्टि करते हुए कांग्रेस प्रदेश महासचिव रजनीश किमटा ने कहा कि रैली के जरिए राहुल गांधी युवाओं में जोश भरेंगे। कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। लोकसभा चुनाव की घोषणा अब कभी भी हो सकती है। आदर्श चुनाव आचार संहिता की संभावनाओं के बीच राजनीतिक दलों ने चुनावी रैलियों में तेजी ला दी है। हिमाचल में बीजेपी ने पीएम मोदी और बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जनसभाएं करवा दी हैं। वहीं, अब कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का हिमाचल दौरा भी तय हो गया है।