Follow Us:

राठौर ने कांग्रेस पदाधिकारियों से कहा- सत्तारूढ़ BJP को निरंकुश होने से रोकना है

पी. चंद, शिमला |

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने पार्टी पदाधिकारियों का आह्वान किया है कि उन्हें बीजेपी की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ खुलकर आम लोगों के बीच उतरना होगा। उन्होंने कहा कि उन्हें स्थानीय मुद्दों को लोगों के बीच और मीडिया में प्रमुखता से उठाना होगा। प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में मीडिया पैनलिस्ट और पार्टी प्रवक्ताओं की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलदीप राठौर ने कहा कि उन्हें हार से निराश होने की कोई जरूरत नही है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में सत्तारूढ़ बीजेपी को निरकुंश होने से हमें रोकना है। बीजेपी के हर जनविरोधी नीतियों का खुलकर विरोध करते हुए और उसे प्रमुखता से लोगों के बीच भी ले जाना है और मीडिया के द्वारा प्रचारित भी करना है।

राठौर ने कहा कि हाल ही के चुनावों में पार्टी की कहीं न कहीं बूथ स्तर पर कमजोरी और कांग्रेस की नीतियों के प्रचार प्रसार में कोई कमी रही है। इसे हमे दूर करना है। हमें इसे मजबूती प्रदान करने के लिये नई रणनीति से लोगों के बीच उतरना हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों को एकजुट हो कर आगे बढ़ना है। जल्द ही प्रदेश में दो विधानसभा उपचुनाव होने हैं इसके लिए हमें अभी से मैदान में उतरना हैं। पार्टी को इन चुनावों में हमे जीत हासिल करते हुए कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरना हैं।

इससे पूर्व पिछले कल बंजार में हुई भीषण बस दुर्घटना में मारे गये लोगों की आत्मा की शान्ति की प्रार्थना करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया और इस हादसे में  घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।