Follow Us:

राठौर का सुक्खू को पहला झटका, 10 दिन पहले बनाई ब्लॉक कमेटी को किया रद्द

समाचार फर्स्ट डेस्क |

कांग्रेस के नए प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने पदभार संभालते ही संगठन में बदलाव करना शुरू कर दिया है। पहला झटका पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू को दिया है। 10 दिन पहले उन्होंने जाते-जाते श्री रेणुका विधानसभा में एक और संगठनात्मक ब्लॉक चूड़ेश्वर का गठन कर दिया था।

शनिवार को राठौर ने अधिसूचना जारी कर चूड़ेश्वर संगठनात्मक ब्लॉक को भंग कर दिया है। इसके अध्यक्ष मनोज ठाकुर को भी हटा दिया गया है। 10 जनवरी को बनाए नए ब्लॉक की अभी कार्यकारिणी गठित नहीं की गई थी। अब श्री रेणुका विधानसभा में एक ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्य करेगी।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से महासचिव रजनीश किमटा की ओर से भी इस बारे में अधिसूचना जारी कर दी गई है। उधर, रेणुका के विधायक एवं पूर्व सीपीएस विनय कुमार ने बताया कि कुछ दिनों से चूड़ेश्वर ब्लॉक कांग्रेस की जो बात कही जा रही थी, उससे रेणुका कांग्रेस सहमत नहीं थी।

रेणुका ब्लॉक कांग्रेस कमेटी को दो ब्लॉकों में विभाजित करने का न तो ब्लॉक कांग्रेस और न ही जिला कांग्रेस ने कभी भी कोई प्रस्ताव भेजा था। इस नियुक्ति को प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर के आदेशानुसार रद्द कर दिया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं।