Follow Us:

धर्मशाला नगर निगम चुनाव के लिए आरएस बाली बने कांग्रेस के ‘सारथी’, इन नेताओं को भी मिली जिम्‍मेदारी

धर्मशाला नगर निगम चुनाव के लिए आरएस बाली बने प्रभारी

कांग्रेस ने चारों नगर निगमों के लिए तैनात किए दिग्गज नेता

संगठनात्मक मजबूती और जीत सुनिश्चित करने की मिली बड़ी जिम्मेदारी


हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (HPCC) ने प्रदेश में होने वाले आगामी नगर निगम चुनाव 2026 के लिए अपनी बिसात बिछा दी है। इसी कड़ी में राजीव भवन, शिमला से एक महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की गई है, जिसमें चार प्रमुख नगर निगमों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।आरएस बाली (R.S. Bali को  धर्मशाला नगर निगम का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

आरएस बाली वर्तमान में नगरोटा बगवां से विधायक हैं और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) के चेयरमैन के रूप में कैबिनेट रैंक का जिम्मा संभाल रहे हैं। धर्मशाला नगर निगम चुनाव कांग्रेस के लिए साख का विषय है, और बाली की नियुक्ति यह दर्शाती है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उनकी रणनीतिक क्षमता और क्षेत्र में उनकी पकड़ पर गहरा भरोसा रखता है।

अधिसूचना के अनुसार, प्रभारी मंत्रियों और नेताओं को तुरंत प्रभाव से अपने संबंधित क्षेत्रों का कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। आरएस बाली को धर्मशाला में संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बाली के साथ-साथ सोलन के लिए रोहित ठाकुर, मंडी के लिए विक्रमादित्य सिंह और पालमपुर के लिए राजेश धर्माणी को कमान दी गई है। यह स्पष्ट है कि कांग्रेस ने आगामी निकाय चुनावों में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।