Follow Us:

स्मृति ईरानी ने अनुराग के पक्ष में मांगे वोट, फोन से किया जनसभा को संबोधित

पी.चंद |

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने आज अमेठी से फोन करके हमीरपुर में जनसभा को संबोधित किया और जनता से अनुराग ठाकुर के पक्ष में वोट करने की अपील की। अनुराग ठाकुर आज हमीरपुर के बड़सर में पड़ते बिझड में महिला सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें एक फोन कॉल आई और उन्होंने माइक पर जाकर कहा कि स्मृति ईरानी आज आपके बीच अपनी बात रखना चाह रही हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को अमेठी से भगाने का काम कर दिया है। इस बात पर वहीं मौजूद लोगों ने जमकर नारेबाजी की।

स्मृति ईरानी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि मेरा भाई अनुराग एक बार फिर से जीत का सेहरा पहनने वाला है। मैं आपके प्रति जितना आभार व्यक्त करूं कम है। अनुराग ने पूरे विश्व में भारत का गौरवगान करवाने में योगदान दिया है। और ये सभी जनता के आशीर्वाद से संभव हो पाया है। अनुराग संसद के अंदर और बाहर कांग्रेस को नाको चने चबा देते हैं। कांग्रेस के भ्रष्टाचार को उजागर करते हैं। जनता की आवाज को उठाते हैं। स्मृति ने कहा कि आज मैं एक बहन होने के नाते आप सभी बहनों से प्रार्थना करती हूं कि मेरे भाई अनुराग के माथे पर विजय तिलक जरूर लगाएं।