Follow Us:

सोलन: 72 साल की उम्र में पहली बार किया मतदान

रिक्की योगेश |

सोलन के धर्मपुर में 72 साल की आयु में एक व्यक्ति ने पहली बार मतदान किया है।  जी हां यह कोई मजाक नहीं है बल्कि यह सच है और यह मामला धर्मपुर के आदर्श वार्ड में सामने आया है। जहां एक 72 साल के बुजुर्ग बलवंत सिहं ने पहली बार मतदान किया। जैसे ही बलवंत सिंह धर्मपुर स्थित सुक्खी जोहड़ी रेस्ट हाउस में मतदान करने पहुंचे तो उनका बूथ पर हार पहनाकर स्वागत किया गया।

इस दौरान उन्होंने बताया कि वे अपने जीवन काल में पहली बार मतदान कर रहे हैं।  उनकी इस बात को सुनकर वहां खड़े सभी लोग हैरान हो गए। बलवंत सिंह ने बताय कि उनका जन्म सन 1947 में हुआ है और वे देश की आजादी के बाद पहली बार वोट डाल रहे हैं।

वोट डालने के बाद बलवंत सिंह ने बातचीत करते हुए कहा कि वह इस पर्व को लेकर काफी उत्साहित थे।  उन्होंने सभी नए मतदाताओं से कहा कि वह भी इस पर्व में अपना योगदान दें। हालांकि उन्होंने इससे पहले वोट न डालने के पिछे क्या कारण रहा इस बारे में कुछ नहीं बताया है।