Follow Us:

मोदी सरकार ने छीने मजदूरों के हक: सुक्खू

नवनीत बत्ता, हमीरपुर |

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक सुखविंद्र सिंह सूक्खू ने मजदूर दिवस पर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया। भोरंज विधानसभा क्षेत्र के दलालड़ गांव में मजदूर दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सूक्खू बतौर मुख्यातिथि पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पांच साल में मजदूरों के हक छीनने का काम किया है। श्रम कानूनों को बदलाव कर कमजोर किया गया। यह मजदूर वर्ग पर कुठाराघात है। भाजपा सरकार आम आदमी व श्रमिक विरोधी रही है। देश के करोड़ों मजदूर केंद्र सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों का खामियाजा भुगत रही है।

सूक्खू ने कहा कि श्रम कानूनों में बदलाव को लेकर मजदूरों व कर्मचारियों में भारी गुस्सा है। महंगाई के इस दौर में मजदूरों को 18000 रुपये न्यूनतम वेतन मिलना चाहिए। नौकरी पेशा लोगों का ही घर चलाना मुश्किल हो रहा है, गरीब मजदूर की तो आसमान छूती महंगाई ने कमर तोड़ दी है। रसोई गैस का सिलेंडर 1100 रुपये से ऊपर का हो गया है। बुधवार को ही घरेलू गैस सिलेंडर में 6 रुपये की वृद्धि हुई है।

सूक्खू ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बीते पांच सालों में महंगाई ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पीएम मोदी उस पर कुछ नहीं बोलते, न ही रोजगार देने और 15-15 लाख खाते में डालने की बात करते हैं। उनका सिर्फ एकमात्र एजेंडा गांधी परिवार की बुराई करना है। सूक्खू ने प्रदेश के सभी मजदूर भाइयों को मजदूर दिवस की भी बधाई दी।