Follow Us:

पेपर लीक मामले पर सुक्खू ने सरकार को घेरा, 90 दिन के भीतर CBI जांच पूरी करने की मांग

हिमाचल कांग्रेस चुनवा प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पेपर लीक मामले को लेकर सरकार पर हमला बोला। सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आजादी के बाद यह पहला अवसर है…

जसबीर कुमार |

हिमाचल कांग्रेस चुनवा प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पेपर लीक मामले को लेकर सरकार पर हमला बोला। सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आजादी के बाद यह पहला अवसर है जब पुलिस भर्ती परीक्षा के पेपर बेचे गए। उन्होंने कहा की बड़े अचरज का विषय है की एक तरफ गरीब परिवार प्रतिभाशाली बच्चे परीक्षा की तैयारियां कर रहे थे तो दूसरी ओर नालायक और निक्कमी सरकार के करिंदे पुलिस भर्ती के पेपर बेचने में लगे हुए थे।

उन्होंने कहा की प्रदेश में पिछले साढ़े चार साल में हुई सभी भर्तियां संदेह के घेरे में हैं। सुक्खू ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि सीबीआई जांच की रिपोर्ट की समय सीमा रखी जाए और सीबीआई रिपोर्ट को 90 दिन के भीतर पेश किया जाए। जिससे प्रदेश के युवाओं को न्याय मिल सके।

बता दें कि रविवार को सुक्खू नादौन विधानसभा क्षेत्र के गलोड में पहुंचे थे। यहां स्थानीय युवाओं ने पन्याली चौक पर सुक्खू का जोरदार तरीके से स्वागत किया और विशाल बाइक रैली के माध्यम से सुक्खू को जनसभा स्थल तक पहुंचाया। रास्ते में स्थानीय लोगों ने जगह-जगह सुक्खू का स्वागत किया। इसके पश्चात सुक्खू ने गलोड में एक जनसभा को भी संबोधित किया।