Follow Us:

सुक्खू का वार: 100 दिन की सरकार में 100 संगीन अपराध

समाचार फर्स्ट डेस्क |

धर्मशाला में केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ रोष रैली ने निकालने के बाद हमीरपुर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बीजेपी को फिर से निशाने पर लिया। हमीरपुर में प्रेस को संबोधित करते हुए उन्होंने जयराम सरकार पर हल्ला बोला और कहा, " प्रदेश में 100 दिन के भीतर 100 संगीन अपराध हो चुके हैं। 65 बलात्कार और 35 हत्याएं प्रदेश सरकार के 100 दिन की उपलब्धि है।"

सुक्खू ने इस दौरान जयराम सरकार पर क्षेत्रवाद के भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार पक्षपात कर रही है। हमीरपुर नगर में 68 पेयजल योजनाओं को जानबूझकर लटकाया गया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार माफियाओं को बढ़ावा दे रही है और हर तरफ ट्रांसफर माफिया का बोलबाला है।

महंगाई से जनता परेशान, 26 मई को कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने महंगाई के मुद्दे पर मोदी सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मोदी सरकार की गलत नीतियों को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि 26 मई को मोदी सरकार के 4 साल पूरे हो रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस महंगाई के खिलाफ राज्य भर में व्यापक स्तर पर प्रदर्शन करेगी।

सुक्खू के मुताबिक कांग्रेस ब्लॉक स्तर पर एसडीएम कार्यालय का घेराव करेगी और ज्ञापन सौंपेगी। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ता पदयात्रा करते हुए रैली निकालेंगे और अपने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपेंगे।

हम करे तो गाली, आप करें तो ताली!

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुक्खू ने सरकार को नया कर्ज लेने पर घेरा। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार ने 3 हजार करोड़ का नया कर्ज लिया है। लेकिन, जब कांग्रेस सत्ता में थी तो बीजेपी के लोग प्रदेश पर बढ़ रहे कर्ज का रोना रोते थे। चुनाव में भी कर्ज को मुद्दा बनाया। लेकिन, आज खुद कर्ज पे कर्ज लिए जा रहे हैं।

कब पहुंचेगी अनुराग की ट्रेन?

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमीरपुर से बीजेपी के सांसद अनुराग ठाकुर पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर तक ट्रेन पहुंचाने का वादा किया था। लेकिन, अभी तक इसका जमीन पर कोई काम दिखा नहीं। उन्होंने कहा कि 4 सालों में सांसद अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के अंदर केंद्र सरकार से कौन से विकास के कार्य करवाए हैं… इसका जवाब जनता जानना चाहती है।