Follow Us:

सुक्खू ने मुख्यमंत्री और जल शक्ति मंत्री से नादौन में IPH डिवीजन खोलने की रखी मांग

नवनीत बत्ता |

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक नादौन सुखविंदर सिंह सुक्खू धर्मशाला में विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह से मिले। सुक्खू ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और जल शक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह से नादौन में आईपीएच का डिवीजन खोलने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब 6-7 विधानसभा क्षेत्र ही ऐसे बचे हैं जहां पर आईपीएच का डिवीजन नहीं है। नादौन विधानसभा क्षेत्र में अब समय के साथ जनसंख्या बढ़ने के कारण पानी की मांग में वृद्धि हुई है जिस कारण अब आईपीएच के डिवीज़न की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नादौन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत तीन सब डिवीज़न नादौन, धनेटा और गलोड़ के साथ साथ एक बड़ा सिंचाई का प्रोजेक्ट एमआईपी नादौन भी आता है। नादौन विधानसभा क्षेत्र जनसंख्या और क्षेत्रफल के हिसाब से जिला हमीरपुर का सबसे बड़ा और प्रदेश का तीसरे नंम्बर का सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र है।

इस पर मुख्यमंत्री और जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने सुक्खू की मांग को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर जल शक्ति मंत्री महिन्द्र सिंह ने जल शक्ति विभाग को डिवीज़न के लिए औपचारिकताएं जल्द पूरा करने के लिए कहा है।