Follow Us:

ऊना: महंगाई, बेरोजगारी और माफिया राज के खिलाफ कांग्रेस ने हरोली में निकाली प्रभात फेरी

डेस्क |

उपचुनाव में मिली जीत के बाद कांग्रेस 2022 के चुनाव को लेकर अभी से सक्रिय हो गई है। लोगों को भाजपा की जनविरोधी नीतियों के प्रति जागरुक करने के लिए कांग्रेस ने प्रदेशभर में जनजागरण अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में आज कांग्रेस ने ऊना के हरोली में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकाली। इस दौरान कांग्रेस ने भाजपा पर हमलावर होते हुए प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, अराजकता और माफिया राज फैलाने के आरोप लगाए।

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा राज में जनता पूरी तरह से त्रस्त हो चुकी है। भाजपा ने जनता को महंगाई के बोझ तले दबा दिया है। रोजगार ने मिलने से युवाओं को आत्महत्या करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों के चलते अराजकता का माहौल पैदा हो चुका है। प्रदेश में माफिया राज फैलता जा रहा है। माफिया ने सरकार के साथ-साथ प्रशासन को भी अपने कब्जे में ले लिया है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है।

मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेश की डबल इंजन सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा का डबल इंजन सीज हो चुका है। अब जयराम सरकार का ये इंजन कहीं भी रिपेयर होने वाला नहीं है। अब ये जीतने मर्जी इंजन चेंज कर लें इनकी गाड़ी चलने वाली नहीं है। अब हिमाचल प्रदेश को नई गाड़ी की जरूरत है। अगले साल 2022 में हिमाचल में कांग्रेस की नई गाड़ी आ रही है। इसलिए मेरा सभी से आग्रह है कि जिसको जहां जगह मिलती है कांग्रेस की इस गाड़ी में चढ़ जाओ। क्योंकि 2022 में भाजपा की हार निश्चित है। पूरे हिमाचल में कांग्रेस की लहर चल पड़ी है जो सभी को नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर कांग्रेस को प्रदेश की बागडोर सौंपेगी।