Follow Us:

हिमाचल दौरे पर आएंगे केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, विभिन्न कार्यक्रमों में लेंगे भाग

जसबीर कुमार |

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल आज से हिमाचल दौरे पर हैं। केंद्रीय मंत्री रात 8 बजे पीटरहॉफ शिमला पहुंच जाएंगे। कल सुबह 8:45 पर प्रहलाद सिंह पटेल हिमाचल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मिलेंगे जिसके बाद वो जाखू मंदिर के दर्शन के लिए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री पटेल आशियाना रिज में एक प्रेस वार्ता को भी संबोधित करेंगे।

प्रहलाद सिंह पटेल तकरीबन 12 बजे शिमला स्थित भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर में जिला शिमला के कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होंगे, इस बैठक में वो कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। इसके बाद मंत्री पेट्रेहॉफ शिमला में भोजन करेंगे जिसके बाद वो विधानसभा में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ एक सरकारी कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और भाजपा प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन उनके साथ उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के बाद केंद्रीय जल शक्ति मंत्री अन्नाडेल शिमला से हेलीकॉप्टर के मध्यम से धर्मशाला के लिए रवाना हो जाएंगे। उनका रात्रि ठहराव सर्किट हाउस धर्मशाला में होगा।

4 मार्च को केंद्रीय मंत्री पटेल धर्मशाला में दो सरकारी कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जिसमें वह पटियालकर और जदरांगल नामक गांव में जाएंगे। मंत्री पटेल प्रात: चामुंडा माता के दर्शन करेंगे। उसके उपरांत सर्किट हाउस धर्मशाला में भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। प्रहलाद सिंह पटेल का दौरा शिमला नगर निगम व आने वाले विस चुनावों से भी जोड़ कर देखा जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री 5 मार्च को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के आवास समीरपुर में उनसे रूबरू होंगे। इस दौरान प्रदेश और आने वाले विस चुनावों के बारे में विस्तृत चर्चा करेंगे। उसके उपरांत केन्द्रीय मंत्री बड़सर विस के पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे। केन्द्रीय मंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन और पार्टी पदाधिकारियों ने तैयारियां आरंभ कर दी हैं।

हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का बड़सर विस क्षेत्र का दौरा नहीं हुआ है। पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री से क्षेत्र का दौरा करने आग्रह कर चुके हैं। लेकिन किन्हीं कारणों के चलते मुख्यमंत्री को दौरा रद्द होता रहा। इसी बीच मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल का दौरा बड़सर विस क्षेत्र में तय होने से राजनीतिक क्षेत्रों में चर्चा का विषय बना हुआ है। हर कोई पटेल के दौरे को लेकर अपने-अपने कयास लगा रहे हैं।

विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि पटेल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री धूमल, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों से नेताओं से रूबरू होकर प्रदेश की राजनीति की स्थिति के बारे में जानकारी लेंगे। इसके अतिरिक्त प्रदेश पार्टी द्वारा किए गए कार्यों की भी समीक्षा करेंगे। दिल्ली वापस पहुंच कर मंत्री पटेल भाजपा आलाकमान को प्रदेश की वर्तमान स्थिति के बारे में अवगत करवाएंगें।