Follow Us:

हिमाचल में BJP को रिकॉर्ड बढ़त, वीरभद्र ने सुक्खू के सिर फोड़ा हार का ठीकरा

पी. चंद |

हिमाचल प्रदेश के मतदाताओं ने इस मर्तबा जहां लोकसभा चुनाव में रिकॉर्ड 71 फ़ीसदी से ज़्यादा मतदान किया तो वहीं, दूसरी तरफ हिमाचल के चारों उम्मीदवारों को रिकॉर्ड मतों से बढ़त दिलाई है। सभी उम्मीदवार साढ़े 3 लाख वोटों से बढ़त बनाएं हुए है। ये देशभर में सबसे ज़्यादा बढ़त मानी जा रही है। हालांकि हिमाचल प्रदेश के अभी फाइनल रिजल्ट आधिकारिक रूप से घोषित नहीं हुए हैं। लेकिन अंतिम रुझान के मुताबिक कांगड़ा संसदीय सीट से किशन कपूर 457133 से आगे हैं। हमीरपुर से अनुराग ठाकुर 384922 से आगे, शिमला से सुरेश कश्य 323659 से आगे जबकि मंडी राम स्वरूपम 377001 से आगे चल रहे हैं।

वहीं, चुनावी परिणामों के बाद बीजेपी जश्न में डूब गई। बीजेपी कार्यालय से लेकर मुख्यमंत्री के सरकारी आवास तक बाजे गाजे और खूब पटाखे चलाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के चुनावी परिणाम से साफ़ हो गया है कि यहां मोदी लहर चल रही है और कहा कि ये पहले ही तय था कि हिमाचल में बीजेपी चारों सीट जीतेगी। लेकिन सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों से बढ़त मिलना चौंकाने वाला है।

उधर कांग्रेस कार्यालय में चुनावी रुझान आने के बाद सन्नाटा छा गया। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने हार का ठीकरा पूर्व कांग्रेसी अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुख्खू के सिर फोड़ दिया। वीरभद्र सिंह ने कहा कि सुख्खू ने पार्टी का इतना बड़ा नुकसान कर दिया कि पार्टी उससे उभर ही नहीं पाई। उन्होंने ईवीएम पर भी सवाल उठाए और कहा की ईवीएम अमेरिका जैसे देश में भी फेल हो चुकी है। इसलिए ईवीएम की विश्वसनीयता सवालों के घेरे में है।