Follow Us:

शिमला में गहराया जल संकट, युवा कांग्रेस ने खाली बाल्टियां बजाकर किया प्रदर्शन

पी.चंद |

गर्मी का पारा जैसे-जैसे बढ़ रहा है वैसे ही शिमला में पानी की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। राजधानी शिमला के कई इलाकों में दो से तीन दिन बाद पानी आ रहा है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर युवा कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया और कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से उपायुक्त कार्यालय तक रोष रैली निकाली। युवा कांग्रेस ने खाली बाल्टियां बजाकर और मटके तोड़कर नगर निगम और भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी ने कहा कि नगर निगम शिमला पानी देने में असफल रहा है। 24 घण्टे पानी देने के सभी दावे खोखले साबित हुए हैं। भाजपा सरकार में लोग त्रस्त है जबकि बीजेपी रैलियों में मस्त है। सरकार ने कोई काम जनता के हित में नहीं किया है, हर मोर्चे पर असफल रहने के बाद अब नाकामियां छुपाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भर्तियों में धांधलियां हो रही हैं चहेतों को लाभ देने के अलावा धरातल पर कुछ नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि अगर नगर निगम शहर के लोगों को पानी नहीं देती है तो युवा कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करेगी।