Follow Us:

भारद्वाज बोले- इस बार तोड़ेंगे सरकार रिपीट न होने का मिथक, अभी से तैयारियों में जुट जाएं कार्यकर्ता

पी. चंद |

शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कार्यकर्ताओं को अभी से ही मिशन रिपीट की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले प्रदेश में कभी भाजपा की सरकार रिपीट नहीं हुई है लेकिन इस बार इस मिथक को तोड़ना है। इसलिए कार्यकर्ताओं को चाहिए की वे सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाए जिससे हमार मिशन रिपीट का सपना पूरा हो सके। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से आने वाले उपचुनावों के लिए भी तैयार रहने का आह्वान किया । ये बात उन्होंने भाजपा शिमला शहरी मंडल की बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।

भारद्वाज ने कहा कि भाजपा की सरकारों ने हमेशा विकास किया है। भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को सड़क वाला मुख्यमंत्री और शांता कुमार को पानी वाला मुख्यमंत्री के रूप में जाना जाता है। जयराम सरकार के नेतृत्व में शिमला शहर में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत अनेकों विकास कार्य हो रहे हैं। शिमला की सड़कों के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसके अतिरिक्त शहर में अधोसंरचना निर्माण पर बल दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पार्टी 26 जुलाई को करगिल विजय दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करेगी। भाजपा संपर्क से समर्थन अभियान चलाएगी जिसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को भाजपा और भाजपा सरकार की नीतियों से जोड़ा जाएगा। भारद्वाज ने कहा कि इस माह के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम को सभी बूथों पर वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से सुना जाएगा।