➤ नगर निगम चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस ने चार शहरों में चुनाव समितियां गठित कीं
➤ सुक्खू, अग्निहोत्री और विनय कुमार समेत कई बड़े नेताओं को जिम्मेदारी
➤ सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर में मिशन मोड में चुनावी तैयारी
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आगामी नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश के चार प्रमुख नगर निगमों—सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर—के लिए आधिकारिक तौर पर चुनाव समितियों का गठन कर दिया है। संगठन महासचिव विनोद जिंटा द्वारा जारी सूची में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार को प्रमुख भूमिका दी गई है।

सोलन नगर निगम के लिए गठित 12 सदस्यीय समिति में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह जैसे वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा स्थानीय विधायकों संजय अवस्थी, विनोद सुल्तानपुरी, राम कुमार चौधरी और हरदीप सिंह बावा को भी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूती मिले।
वहीं, मंडी नगर निगम के लिए बनाई गई 8 सदस्यीय समिति में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के साथ पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर और प्रकाश चौधरी को भी शामिल किया गया है। बाद में सुंदर ठाकुर और चंपा ठाकुर को भी इस समिति में जोड़ा गया, जिससे टीम का संतुलन और मजबूत हुआ।

धर्मशाला नगर निगम के लिए गठित समिति में मुख्यमंत्री सुक्खू, डिप्टी सीएम अग्निहोत्री और प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार के साथ कृषि मंत्री चंद्र कुमार को जगह दी गई है। इसके अलावा पर्यटन निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली, विधायक केवल पठानिया, मलेंदर राजन और पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। सांसद व डीसीसी अध्यक्ष अनुराग शर्मा को भी टीम में शामिल किया गया है।
पालमपुर नगर निगम के लिए बनाई गई 11 सदस्यीय समिति में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धरमानी और आयुष मंत्री यादविंदर गोमा के साथ विधायक कमलेश ठाकुर को भी प्रमुख भूमिका सौंपी गई है। इसके अलावा आशीष बुटेल, किशोरी लाल, संजय रतन और भवानी सिंह पठानिया को चुनावी मोर्चा संभालने का जिम्मा दिया गया है।
इन समितियों के गठन से साफ संकेत मिलते हैं कि कांग्रेस पार्टी नगर निगम चुनाव 2026 को पूरी रणनीति और समन्वय के साथ लड़ने की तैयारी में है। सरकार और संगठन के बीच तालमेल बनाकर पार्टी शहरी क्षेत्रों में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है।



