Follow Us:

मंडी: दानवीर कर्ण कैसे बन गए माहूंनाग देवता, भक्तों की मन्नतें करते हैं पूरी

पी. चंद |

देव भूमि हिमाचल एक ऐसी तपोस्थली है जहां के चप्पे-चप्पे पर देवी देवता वास करते हैं। इन देवी देवताओं के मंदिर अपने अंदर भारत के इतिहास और भक्तों की आस्था को समेटे हुए हैं। ऐसा ही मंडी माहुंनाग का मंदिर है जो कि जिला मंडी की तहसील करसोग में स्थित है। माहूंनाग मंदिर करसोग से 37 किलोमीटर और शिमला से वाया तत्तापानी 80 किलोमीटर की दूरी पर है। मूल माहुंनाग का मुख्या मंदिर बखारी कोठी ग्राम पंचायत सवामाहूं तहसील करसोग में है।

माहूंनाग को दानवीर कर्ण का अवतार माना जाता है। देव बड़ेयोगी माहुंनाग के गुरु माने जाते हैं। महाभारत के युद्ध में अर्जुन ने छल से कर्ण का वध तो कर दिया लेकिन अर्जुन कर्ण को मारने के बाद ग्लानी से भर गया। कहा जाता है कि अर्जुन ने अपने नाग मित्रों कि सहायता से कर्ण के शव को लाकर सतलुज के किनारे ततापानी के पास अंतिम संस्कार किया था। उसी चिता से एक नाग प्रकट हुआ। वह नाग इसी जगह बस गया। इसी नाग देवता को लोग आज भी माहूंनाग के रूप में पूजते हैं।

महूँगाग के बारे में माना जाता है कि एक बार सुकेत के राजा श्याम सेन को मुग़ल बादशाह औरंगजेब ने छल से दिल्ली में कैद कर लिया। वह सुकेत को अपने राजा के अधीन करना चाहता था। सुकेत के राजा श्याम सेन ने कैद से मुक्ति पाने के लिए कई देवी- देवताओं को याद किया। लेकिन कैद से निकल नहीं पाया।  तब राजा ने नागराज कर्ण का स्मरण किया। महूँगाग ने राजा को मधुमक्खी के रूप में दर्शन दिए और जल्दी ही कैद से छूटने की बात कही।

राजा ने कहा कि अगर वह कैद से मुक्त हो जाएगा तो वह अपना आधा राज्य राजा कर्ण माहुंनाग को समर्पित कर देगा। इसके बाद मुग़ल सम्राट को शतरंज खेलने कि इच्छा हुई लेकिन उसे खेलने के लिए कोई खिलाड़ी नहीं मिला। तब उसने राजा श्याम सेन को खेलने के लिए कैद से मुक्त किया। उस दिन राजा श्याम सेन शतरंज में जीतता गया और अंत में उसने अपने मुक्त होने कि बाज़ी जीत ली साथ ही अपने राज्य कि और चल पड़ा।

अपने वचन के अनुसार राजा ने महूँगाग को अपना आधा राज्य और 400 रूपए नगद चांदी हर साल नजराना देना तय किया। किन्तु माहुंनाग ने इतना बड़ा क्षेत्र नहीं लिया और केवल महूँगाग क्षेत्र का सीमित भूभाग ही लिया। माहुंनाग स्वर्ण दान तो करते हैं पर स्वर्ण श्रृंगार नहीं करते। माहुंनाग मंदिर में सवा किलो सोने का मेहरा है और चांदी के 8 छत्र हैं।

चैत्र मास के नवरात्रों में हर साल लगभग एक मास कि रथ यात्रा माहुनाग सुंदरनगर क्षेत्र के लोक कल्याण हेतु करते हैं। जिसने देवता का रथ गुर, पुजारी, मेहते कारदार, बजंत्री और श्रद्धालु साथ चलते हैं। ज्येष्ठ मास कि सक्रांति से 5 दिवसीय मेला बागड़दड में बड़ी धूम धाम से मनाया जाता है। इस मेले के इतिहास का संबंध हिमाचल में अंग्रेजी शासन से है। माहुंनाग के गुर को परीक्षा के लिए सतलुज में छलांग लगा कर सुखी रेत निकालनी पड़ती है। महूँगाग मंदिर में भक्तगण दूर दूर से अपनी मन्नतें पूरी होने पर आते हैं।