Follow Us:

BCCI अध्यक्ष सौरभ गांगुली को पड़ा दिल का दौरा, वुडलैंड्स अस्पताल में कराया भर्ती

समाचार फर्स्ट डेस्क |

बीसीसीआई अध्यक्ष और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सौरव गांगुली महज 48 साल के हैं। जानकारी के अनुसार गांगुली की तबीयत आज सुबह उस समय खराब हुई जब वह अपने घर में ही बनी जिम में वर्कआउट कर रहे थे। वर्कआउट करने के दौरान गांगुली को सीने में दर्द हुआ। इसके बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में एडमिट कराया। इस बात के सामने आने पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने भी ट्वीट कर उनके जल्दी ठीक होने की कामना की है।

बीसीसीआई सचिव जे शाह ने उनके स्वास्थ्य लाभ की कामाना की। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मैं सौरव गांगुली के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं और प्रार्थना करता हूं। मैंने उनके परिवार से बात की है। दादा स्थिर हैं और इलाज के लिए अच्छी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

 

वहीं, वुडलैंड्स एमडी और सीईओ डॉ रूपाली बसु ने बताया कि सौरव गांगुली को एंजियोप्लास्टी की आवश्यकता है। डॉक्टर्स ने बताया है कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ है। गांगुली को एंजियोप्लास्टी से गुजरना होगा। हालांकि डॉक्टर्स ने ये भी बताया है कि चिंता की कोई बात नहीं है, फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गांगुली के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि यह सुनकर दुख हुआ कि सौरव गांगुली को हल्का हार्ट अटैक आया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। मैं उनके शीघ्र और पूरी तरह से स्वस्थ होने की कामना करती हूं।