Follow Us:

BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली को कोलकाता के अस्पताल से किया डिस्चार्ज, सेहत में सुधार

समाचार फर्स्ट डेस्क |

पूर्व कप्तान और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली को आज कोलकाता के अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। अस्पताल से बाहर आने के बाद उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की। गांगुली ने कहा कि हम अपनी जान बचाने के लिए अस्पताल आते हैं। यह सच साबित हुआ। मैं वुडलैंड्स अस्पताल और उत्कृष्ट देखभाल के लिए सभी डॉक्टरों को धन्यवाद देता हूं। मैं बिल्कुल ठीक हूं। उम्मीद है कि जल्द ही वापसी करूंगा।

बता दें कि सौरव गांगुली को शनिवार को दिल का हल्का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में इलाज चल रहा था। अब घर पर ही गांगुली के स्वास्थ्य पर नज़र रखी जाएगी। शनिवार को ही सौरव गांगुली की एंजियोप्लास्टी की गई थी। अस्पताल की रिपोर्ट मुताबिक, गांगुली के दिल की नसों में बाकी ब्लॉकेज के लिए होने वाली अगली एंजियोप्लास्टी पर फैसला बाद में लिया जाएगा, क्योंकि वह पहले से काफी बेहतर हैं। इससे पहले जाने-माने कार्डिय़ोलॉजिस्ट डॉ. देवी शेट्टी ने कहा था कि सौरव गांगुली फिट हैं। अब वह फिर से सामान्य जीवन की ओर लौट सकते हैं, जैसा कि वह पहले थे। उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।