➤ हिमाचल में कांग्रेस का “वोट चोर गद्दी छोड़” सिग्नेचर अभियान शुरू
➤ मुख्यमंत्री सुक्खू और डिप्टी सीएम अग्निहोत्री ने किया शुभारंभ
➤ 13 अक्टूबर तक एक लाख हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य
शिमला। कांग्रेस पार्टी के देशव्यापी “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान की हिमाचल प्रदेश में भी शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को राजीव भवन शिमला से इस सिग्नेचर अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 13 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा और कांग्रेस ने एक लाख हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
अभियान की निगरानी के लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो हर जिले से मिल रहे हस्ताक्षरों का रिकॉर्ड रखेगा और डुप्लीकेसी पर नजर रखेगा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, अभियान सह संयोजक कुलदीप सिंह राठौर, एआईसीसी सचिव चेतन चौहान, विदित चौधरी और अन्य नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि यह अभियान लोकतंत्र की रक्षा के लिए है। यदि किसी विधानसभा क्षेत्र में 50-100 वोट भी फर्जी तरीके से जोड़े या हटाए जाते हैं तो परिणाम पूरी तरह बदल सकते हैं। कांग्रेस मतदाता सूची में हो रही गड़बड़ियों और फर्जी वोटिंग के खिलाफ यह राष्ट्रीय जागरूकता अभियान चला रही है।
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 15 दिनों में एक लाख हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है और प्रदेश के सभी 12 जिलों में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान जनता को मतदाता सूची में हो रही हेराफेरी से अवगत कराने का प्रयास है।
अभियान के सह संयोजक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि यह मुहिम सीधे जनता से जुड़ने और उन्हें जागरूक करने की पहल है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने देशभर में यह मुद्दा उठाया है कि बीजेपी लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश रच रही है और मतदाता सूचियों में फर्जीवाड़ा कर रही है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में आज इस जन-जागरण अभियान की शुरुआत हुई है और अब यह हर विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचेगा।



